दक्षिण अफ्रीका के फुटबॉल खिलाड़ी जेडन एडम्स का 25 साल की उम्र में निधन हो गया है। कुछ दिन पहले ही उन्होंने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में दक्षिण अफ्रीका की ओर से खेला था। शनिवार को साउथ अफ्रीका फुटबॉल प्लेयर यूनियन (SAFPU) ने उनके निधन की जानकारी दी। जेडन एडम्स टीम के लिए मिडफील्ड पोजीशन पर खेलते थे।
SAFPU ने जेडन एडम्स के निधन पर शोक प्रकट किया. इसी वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका बनाम चेक रिपब्लिक मैच से एक दिन पहले ही जेडन एडम्स की दादी का भी निधन हो गया था. इसके बावजूद उन्होंने वर्ल्ड कप में दक्षिण अफ्रीका के लिए 3 मैच खेले. जेडन ने चेक रिपब्लिक और मेक्सिको के साथ मैच भी खेला. वहीं दक्षिण कोरिया के खिलाफ वो बतौर सब्स्टीट्यूट मैदान में आए थे. इस दुखद खबर से पूरे फुटबॉल जगत में शोक की लहर छा गई है.
जेडन एडम्स की मौत कैसे हुई, इसके कारण का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है. दक्षिण अफ्रीकी सरकार में खेल मंत्री गेटन मैककेंजी ने भी 25 वर्षीय उभरते हुए खिलाड़ी के आकस्मिक निधन पर शोक प्रकट किया. वहीं FIFA के अध्यक्ष जियानी इन्फांटिनो ने भी दक्षिण अफ्रीकी फुटबॉलर के निधन पर संवेदना प्रकट की.
बता दें कि फीफा वर्ल्ड कप से पहले जेडन एडम्स अफ्रीकन चैंपियंस लीग में खेलते दिखे थे, जहां उन्होंने 2025-26 सीजन में मामेलोदी सनडाउंस को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था.

