धनबाद: शहर की नाट्य संस्था द ब्लैक पर्ल्स की ओर से 18 से 24 जुलाई 2026 तक सात दिवसीय अभिनय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों का दावा है कि दिल्ली, मुंबई और कोलकाता की तर्ज पर धनबाद में पहली बार इस तरह की व्यापक अभिनय कार्यशाला आयोजित की जा रही है, जिसमें थिएटर और कैमरा एक्टिंग के साथ व्यक्तित्व विकास पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा।
थिएटर, कैमरा एक्टिंग और कंटेंट क्रिएशन पर होगा फोकस
कार्यशाला में थिएटर और फिल्म जगत में करियर बनाने के इच्छुक युवाओं के अलावा सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स, यूट्यूब कंटेंट क्रिएटर्स और अभिनय सीखने के इच्छुक सभी आयु वर्ग के प्रतिभागी हिस्सा ले सकेंगे। प्रशिक्षण के दौरान अभिनय की मूल तकनीक, कैमरे के सामने प्रस्तुति, वॉयस मॉड्यूलेशन, व्यक्तित्व विकास, मेकअप, कॉस्ट्यूम और स्टेज डिजाइनिंग जैसे विषयों पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन देंगे।
अनुभवी प्रशिक्षक देंगे प्रशिक्षण
द ब्लैक पर्ल्स के संरक्षक एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष बिजय झा ने बताया कि कार्यशाला का संयोजन संस्था की अध्यक्ष एवं बॉलीवुड कास्टिंग एसोसिएट शारदा कुमारी गिरी कर रही हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड में फिल्मों और वेब सीरीज की बढ़ती संभावनाओं को देखते हुए स्थानीय कलाकारों को पेशेवर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
कार्यशाला में डॉ. देशराज मीणा (अलवर, राजस्थान), मोनालीसा दास (कोलकाता, पश्चिम बंगाल) और ऋषिकेश लाल (रांची, झारखंड) प्रशिक्षक के रूप में अभिनय की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण देंगे।
केवल 50 प्रतिभागियों को मिलेगा अवसर
आयोजकों के अनुसार, कार्यशाला में केवल 50 प्रतिभागियों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसमें भाग लेने के लिए किसी प्रकार की आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। अभिनय और फिल्म जगत में रुचि रखने वाले युवाओं तथा इच्छुक प्रतिभागियों से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील की गई है।

