धनबाद: धनबाद शहर और आसपास के क्षेत्रों में रेलवे फाटकों पर लगने वाले जाम से राहत दिलाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। धनबाद के सांसद ढुलू महतो द्वारा रेलवे मंत्रालय को भेजे गए प्रस्ताव पर सकारात्मक कार्रवाई शुरू हो गई है। रेल मंत्रालय ने शहर के नौ प्रमुख रेलवे फाटकों पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) और रेलवे अंडरब्रिज (RUB) के निर्माण की व्यवहार्यता जांच कराने का निर्णय लिया है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद को भेजे पत्र में बताया है कि संबंधित रेलवे क्रॉसिंगों पर तकनीकी और प्रशासनिक दृष्टि से परियोजना की व्यवहार्यता का आकलन किया जाएगा। रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
सांसद ने अपने प्रस्ताव में कहा था कि धनबाद कोयला और औद्योगिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र होने के कारण यहां मालगाड़ियों का आवागमन लगातार होता है। इससे कई रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहते हैं, जिसके कारण आम लोगों, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आपातकालीन सेवाओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
प्रस्ताव में “सेतु भारतम् योजना” के तहत नौ प्रमुख रेलवे फाटकों पर ROB या RUB के निर्माण की मांग की गई है। साथ ही यह सुझाव भी दिया गया है कि जहां तकनीकी कारणों से ओवरब्रिज या अंडरब्रिज का निर्माण संभव नहीं हो, वहां रेलवे फाटकों का चौड़ीकरण और सुरक्षित यातायात व्यवस्था विकसित की जाए।
सांसद द्वारा प्राथमिकता के आधार पर जिन रेलवे फाटकों का प्रस्ताव भेजा गया है, उनमें केंदुआ रोड, फुलारीटांड़, प्रधानखंटा जंक्शन-गोविंदपुर, धनबाद-बराकर मेन लाइन, भूली, लीलोरी गेट (कतरास), सोनारडीह, कतरास-सिजुआ तथा तेतुलमारी रेलवे फाटक शामिल हैं।
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि रेलवे मंत्रालय द्वारा व्यवहार्यता जांच शुरू किया जाना एक सकारात्मक कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जांच पूरी होने के बाद परियोजनाओं को स्वीकृति मिलेगी और धनबाद की लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं में सुधार और नागरिकों को बेहतर यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। रेलवे मंत्रालय के समक्ष जनहित से जुड़े मुद्दों को आगे भी मजबूती से उठाया जाता रहेगा।

