झरिया और धनबाद विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ हुई समीक्षा बैठक
धनबाद। मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत मुख्यालय, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) झारखंड, रांची से आए उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर ने गुरुवार को धनबाद और झरिया विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बीएलओ सुपरवाइजरों के साथ समीक्षा बैठक कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शत-प्रतिशत घरों का भौतिक सत्यापन करने का निर्देश
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक घर का बीएलओ द्वारा शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। उन्होंने पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने पर जोर दिया।
मृत, स्थानांतरित और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम हटाने पर जोर
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि मतदाता सूची से मृत, स्थानांतरित (Shifted), अनुपस्थित (Absent) और डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम पूरी पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार हटाने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और विश्वसनीय बनाया जा सकेगा।
बीएलओ सुपरवाइजरों को लगातार निगरानी के निर्देश
उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बीएलओ सुपरवाइजरों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीन आने वाले सभी बूथों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा बीएलओ द्वारा एकत्र किए जा रहे आंकड़ों की रैंडम जांच भी करें। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
स्वच्छ मतदाता सूची मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला
बैठक में उन्होंने कहा कि स्वच्छ, त्रुटिहीन और पारदर्शी मतदाता सूची ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। सभी बीएलओ और सुपरवाइजर आपसी समन्वय के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफलतापूर्वक पूरा करें।
बैठक में उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी धनबाद सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी झरिया सह एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी तथा धनबाद और झरिया के बीएलओ सुपरवाइजर उपस्थित रहे।

