पूर्व मध्य रेल की ZRUCC बैठक संपन्न, यात्री सुविधाओं और रेल विकास पर मिले महत्वपूर्ण सुझाव

पूर्व मध्य रेल की ZRUCC बैठक संपन्न, यात्री सुविधाओं और रेल विकास पर मिले महत्वपूर्ण सुझाव

पटना: पूर्व मध्य रेल (East Central Railway) की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) की बैठक मंगलवार को पटना में आयोजित की गई। बैठक में छह सांसद, एक विधायक और समिति के 30 अन्य सदस्यों ने भाग लिया। इस दौरान यात्री सुविधाओं के विस्तार, रेल अवसंरचना के विकास और जन-आकांक्षाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए।

सांसदों और सदस्यों ने रखे महत्वपूर्ण सुझाव

बैठक में सांसद उपेंद्र कुशवाहा, रामप्रीत मंडल, अशोक कुमार यादव, चंद्र प्रकाश चौधरी, विष्णु दयाल राम, शांभवी तथा विधायक रामनिवास शाह सहित अन्य सदस्यों ने रेल सेवाओं में सुधार, नई रेल लाइनों के निर्माण, दोहरीकरण, स्टेशन पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत किए।

नई ट्रेनों और रेलवे परियोजनाओं पर जताया संतोष

बैठक के दौरान सदस्यों ने पूर्व मध्य रेल क्षेत्र में नई रेल लाइनों, डबल लाइन परियोजनाओं और स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यों में आई तेजी पर संतोष व्यक्त किया। साथ ही वंदे भारत, अमृत भारत सहित नई ट्रेनों के परिचालन और विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव की व्यवस्था के लिए रेलवे का आभार भी व्यक्त किया।

महाप्रबंधक बोले- यात्री सुविधा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता

पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह ने बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि रेलवे उत्कृष्ट कार्य निष्पादन और बेहतर प्रबंधन के माध्यम से लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है और समिति से प्राप्त सुझाव रेलवे सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

सभी सुझावों पर होगी आवश्यक कार्रवाई

महाप्रबंधक ने आश्वासन दिया कि बैठक में प्राप्त सभी सुझावों को गंभीरता से दर्ज किया गया है और उन पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बैठक के अंत में अपर महाप्रबंधक अमरेंद्र कुमार ने सभी सांसदों, विधायक और समिति के सदस्यों का समय निकालकर बैठक में भाग लेने तथा उपयोगी सुझाव देने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *