धनबाद/झरिया: केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सिंदरी स्थित HURL परिसर में आयोजित भाजपा के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में झरिया विधानसभा क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। झरिया विधायक रागिनी सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए।
बसों और निजी वाहनों से सिंदरी पहुंचे कार्यकर्ता
कार्यक्रम में भाग लेने के लिए झरिया विधानसभा क्षेत्र से सैकड़ों महिला कार्यकर्ता बसों के माध्यम से सिंदरी रवाना हुईं। वहीं भाजपा और जनता श्रमिक संघ के कई कार्यकर्ता अपने-अपने निजी वाहनों से कार्यक्रम स्थल पहुंचे। कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह देखा गया।

केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
रागिनी सिंह ने बताया संगठन के लिए ऊर्जा का स्रोत
झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को प्राथमिकता देते हुए देश को विकास की नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि सिंदरी में आयोजित यह प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार करेगा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने में सहायक होगा।
भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान झरिया विधानसभा क्षेत्र से पहुंचे सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार कार्यकर्ताओं की बड़ी उपस्थिति ने कार्यक्रम को सफल और प्रभावशाली बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

