पटना में 40 लाख की बड़ी चोरी! गैस कटर से शटर काटकर मोबाइल शोरूम किया गया साफ

पटना में 40 लाख की बड़ी चोरी! गैस कटर से शटर काटकर मोबाइल शोरूम किया गया साफ

पटना के दनियावां बाजार में चोरों ने एक बड़े मोबाइल शोरूम और गोदाम को निशाना बनाया। देर रात बदमाश गैस कटर से शटर काटकर अंदर घुसे और करीब 40 लाख रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया।

चोर 3.20 लाख रुपये नकद, कई महंगे आईफोन, वीवो मोबाइल, 10 एचपी लैपटॉप, टीवी और बैटरियां लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के व्यापारियों में भारी नाराजगी है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।


यह वारदात एसबीआई बैंक के पीछे स्थित गैलेक्सी टावर में संचालित नेहा मोबाइल कॉर्नर में हुई। दुकान के संचालक सुरेंद्र कुमार सोमवार रात करीब 11 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। देर रात करीब 1 बजे के बाद 4 से 5 बदमाश पूरी तैयारी के साथ पहुंचे और गैस कटर से शटर तथा लोहे की ग्रिल काटकर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने शोरूम और गोदाम में रखे कीमती सामान व नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

दुकान का शटर कटा देख उनके होश उड़ गए

मंगलवार सुबह एक परिचित से सूचना मिलने पर सुरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। दुकान का शटर कटा देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल डायल-112 पर दी गई। पुलिस की मौजूदगी में दुकान खोली गई तो तिजोरी से नकदी गायब थी और शोरूम व गोदाम से बड़ी मात्रा में सामान चोरी हो चुका था।

एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया

घटना की सूचना मिलते ही फतुहा के एसडीपीओ-2 संजीव कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर माया कुमारी और दनियावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल और डॉग स्क्वायड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

फतुहा के एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि तकनीकी जांच और प्रारंभिक जांच में 4 से 5 बदमाशों के वारदात में शामिल होने की जानकारी मिली है। अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *