झरिया (धनबाद): मुहर्रम के अवसर पर झरिया के शिमला बहाल बस्ती स्थित रॉयल गार्डन फेज-1 के सौजन्य से आयोजित अखाड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन झरिया विधायक रागिनी सिंह ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में उनके पहुंचने पर कौमी पंचायत शहशाह अखाड़ा के सदर अब्दुल हलीम अंसारी, रॉयल गार्डन फेज-1 के संचालक मुनव्वर अंसारी तथा स्थानीय युवाओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
प्रतियोगिता में आसपास के सात गांवों से आए खिलाड़ियों ने पारंपरिक अखाड़ा कला, लाठी, तलवार और अन्य पारंपरिक युद्ध कौशल का आकर्षक प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों की प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कार्यक्रम के साक्षी बने।
‘शिमला बहाल हमारा परिवार है’ : रागिनी सिंह
इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि शिमला बहाल के लोग उनके परिवार का हिस्सा हैं और परिवार के सदस्य कभी एक-दूसरे से अलग नहीं होते। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से झरिया को अधिक सुंदर, सुरक्षित और विकसित बनाने की दिशा में लगातार कार्य किया जाएगा।
उन्होंने मुहर्रम के अवसर पर आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और एकता बनाए रखने का संदेश देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक और पारंपरिक आयोजनों को प्रोत्साहित करने का भरोसा दिलाया।
कौमी पंचायत ने जताया समर्थन
कौमी पंचायत शहशाह अखाड़ा के सदर अब्दुल हलीम अंसारी ने कहा कि शिमला बहाल बस्ती के लोग विधायक रागिनी सिंह और धनबाद के मेयर संजीव सिंह के साथ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों के हित में किए गए कार्यों के कारण स्थानीय लोगों का विश्वास लगातार मजबूत हुआ है।
मुहर्रम के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पारंपरिक संस्कृति, सामाजिक एकजुटता और सांप्रदायिक सौहार्द की झलक देखने को मिली। आयोजकों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करने का माध्यम बनेंगे।

