पाकुड़: मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के निर्वाची पदाधिकारी सह अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन के साथ रहसपुर स्थित बूथ संख्या-266, प्राथमिक विद्यालय रणडागा स्थित बूथ संख्या-193 तथा बैंक कॉलोनी स्थित बूथ संख्या-403 का भ्रमण किया। उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा किए जा रहे कार्य, प्रपत्रों के संधारण, घर-घर संपर्क अभियान और मतदाताओं से प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की।
उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन और समावेशी बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने बीएलओ एवं पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ पुनरीक्षण कार्य संपन्न किया जाए।
डीसी ने अधिकारियों से कहा कि नए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने, अपात्र या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाने तथा आवश्यक संशोधनों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं छूटना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने मतदान केंद्रों पर मौजूद मतदाताओं से भी बातचीत की और उनसे अपने नाम का मतदाता सूची में सत्यापन कराने, आवश्यकता पड़ने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करने तथा अन्य पात्र नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ने की अपील की।
इस अवसर पर एईआरओ सह अंचलाधिकारी, पाकुड़ अरविन्द कुमार बेदिया भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: जयदेव कुमार

