हुमायूं कबीर की बढ़ीं मुश्किलें, भाजपा की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज

हुमायूं कबीर की बढ़ीं मुश्किलें, भाजपा की शिकायत पर पुलिस केस दर्ज

पश्चिम बंगाल की राजनीति में बयानबाजी को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर में एक जनसभा के दौरान विवादित बयान देने के आरोप में आम जनता उन्नयन पार्टी (AIJUP) के प्रमुख और विधायक हुमायूं कबीर के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। यह कार्रवाई भाजपा युवा मोर्चा (भाजयुमो) की लिखित शिकायत के बाद की गई। भाजपा का आरोप है कि विधायक ने सार्वजनिक मंच से जान से मारने की धमकी दी, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

घमंड भरा प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जायेगा

सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में विधायक हुमायूं कबीर को स्थानीय भाजपा नेतृत्व और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी (Suvendu Adhikari) पर तीखा हमला बोलते हुए सुना जा सकता है. कबीर ने हालिया चुनाव में पराजित भाजपा उम्मीदवार अनामिका घोष का नाम लेते हुए कहा- चुनाव हारने के बाद भी अनामिका घोष खुद को विधायक समझती हैं. यहां भाजपा के लोग ऐसे घूम रहे हैं, जैसे विधायक उन्हीं का हो. वे हर जगह आक्रामक और घमंड भरा प्रदर्शन कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जायेगा.

मुर्शिदाबाद में अपनी धौंस जमाना बंद करें

हुमायूं कबीर ने सीधे मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा था- मैंने उस दिन भी शुभेंदु अधिकारी से कहा था- आपकी पार्टी चुनाव जीत गयी, ठीक है. लेकिन अपने लोगों से कहिए कि मुर्शिदाबाद में अपनी धौंस जमाना बंद करें. जिस दिन मैंने अपने समर्थकों और मुस्लिमों को एकजुट कर दिया और मैदान में उतर गया, उस दिन ऐसा करारा जवाब दूंगा कि इस जिले में भाजपा का झंडा उठाने वाला भी कोई नहीं बचेगा. कबीर के इस कथित बयान के बाद भाजपा ने उनके खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है.

हुमायूं कबीर ने दी तीखी प्रतिक्रिया

पुलिस केस (FIR) दर्ज होने के बाद जब हुमायूं कबीर से इस बारे में पूछा गया, तो उन्होंने अपने रुख पर कायम रहते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी. कहा- अगर भाजपा के लोग लगातार मेरे और मेरी जनता के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक बयानबाजी करेंगे, तो आप मुझसे क्या उम्मीद करते हैं? क्या मैं उनके ऐसे बयानों के सामने चुपचाप हाथ बांधकर बैठा रहूंगा?

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *