सिंदरी (धनबाद): सिंदरी गुरुद्वारा साहिब में गुरुवार को सिख समुदाय ने पंचम पातशाह श्री गुरु अर्जन देव जी का 420वां शहीदी दिवस श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया। इस अवसर पर गुरुद्वारा साहिब में पिछले 40 दिनों से चल रहे सुखमणि साहिब पाठ का समापन किया गया।
सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारा परिसर पहुंचे और गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर आशीर्वाद लिया।
कीर्तन और अरदास से गूंजा गुरुद्वारा परिसर
शहीदी दिवस कार्यक्रम के दौरान कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। स्थानीय रागी जत्थों ने गुरु अर्जन देव जी के जीवन, शिक्षाओं और बलिदान पर आधारित शब्द कीर्तन प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के बाद गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी सरदार बलवीर सिंह ने सरबत के भले, विश्व शांति और मानवता के कल्याण की कामना करते हुए अरदास की। इसके बाद गुरु का हुकुमनामा सुनाया गया।
गर्मी में राहगीरों के बीच बांटा गया ठंडा जल और प्रसाद
भीषण गर्मी को देखते हुए गुरुद्वारा परिसर के बाहर राहगीरों और वाहन चालकों के बीच चेने का प्रसाद और ठंडा मीठा जल (छबील) वितरित किया गया।
सेवा में जुटे श्रद्धालुओं ने मानवता, परोपकार और भाईचारे का संदेश दिया। दोपहर 2 बजे से श्रद्धालुओं के बीच गुरु का लंगर भी वितरित किया गया।
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद
कार्यक्रम में गुरुद्वारा सिंदरी के प्रधान जसप्रीत सिंह रैनो, हरदीप सिंह, जगदीश्वर सिंह, प्रेम सिंह, लखजीत सिंह, हरपाल सिंह सहित कई लोग मौजूद रहे।
इसके अलावा स्त्री सत्संग की प्रधान जसपाल कौर समेत बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने कार्यक्रम में भाग लिया।
NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

