लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों और युवाओं से अपील की कि वे कांग्रेस पार्टी के ‘छात्रों की गूंज’ राष्ट्रीय आंदोलन को बड़े पैमाने पर समर्थन दें। यह आंदोलन 17 जून को राजस्थान के कोटा से शुरू होगा।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि पेपर लीक, परीक्षा रद्द होने और भर्ती प्रक्रियाओं में देरी से परेशान छात्रों की आवाज अब तेज होनी चाहिए। मुझे पता है कि आप थक चुके हैं। आप गुस्से में हैं। लेकिन याद रखिए, जब सरकार नहीं सुनती, तो आपको अपनी आवाज और ऊंची करनी होती है।
कांग्रेस पार्टी का यह प्रस्तावित देशव्यापी आंदोलन युवाओं से जुड़े मुद्दों जैसे पेपर लीक, परीक्षा में अनियमितता, बेरोजगारी और भर्ती में देरी पर केंद्रित है। इसकी शुरुआत 17 जून को कोटा में होगी, जहां राहुल गांधी छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधे बातचीत करेंगे।
राहुल गांधी करेंगे सम्मेलन को संबोधित
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, ‘आइए हम सब मिलकर एक ऐसी आवाज बनें, जिसे अनसुना न किया जा सके। शुरुआत कोटा से होगी और फिर यह देश के हर कोने तक पहुंचेगी। यह आपके भविष्य की लड़ाई है और मैं आपके साथ हूं। कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि राहुल गांधी देश के अलग-अलग शहरों में छात्र सम्मेलनों को संबोधित करेंगे। इस अभियान के तहत 10 जुलाई को प्रयागराज, 11 जुलाई को पटना और 14 जुलाई को दिल्ली में कार्यक्रम होंगे।
कांग्रेस का आरोप है कि बार-बार होने वाले पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता और बढ़ती बेरोजगारी से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। पार्टी अभियान के जरिए छात्रों, नौकरी चाहने वाले युवाओं, शिक्षकों और युवा संगठनों को जोड़कर इन मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाना चाहती है।
कांग्रेस ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट से वेणुगोपाल का बयान साझा किया, जिसमें कहा गया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी के नेतृत्व में यह अभियान शुरू किया गया है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह अभियान परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक की समस्या, भर्ती में अनियमितता और शिक्षा व रोजगार से जुड़ी समस्याओं पर ध्यान केंद्रित करेगा।

