बिहार में धीरे-धीरे झमाझम बारिश का दौर शुरू हो रहा है. इस बीच राज्य के तीन पीपा पुलों पर गाड़ियों की आवाजाही बंद होने वाली है. 15 जून की आधी रात से ही तीनों पीपा पुलों पर गाड़ियों को एंट्री नहीं मिलेगी. गंगा नदी के जलस्तर को बढ़ता देख, यह फैसला लिया गया है. इसे लेकर बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड, कार्य प्रमंडल पटना-1 की ओर से सूचना जारी की गई है.
पीपा पुलों पर नहीं चलेंगी गाड़ियां
जिन तीन पीपा पुलों पर गाड़ियां नहीं चलेंगी, उनमें कच्ची दरगाह-रूस्तमपुर पीपा पुल (पटना और वैशाली के बीच), ग्यासपुर-कालादियारा पीपा पुल और दानापुर-पानापुर पीपा पुल है, जो कि पटना और सारण जिले को जोड़ता है, इन तीनों पुलों पर 15 जून से गाड़ियां नहीं चलेंगी. ये तीनों पुल पटना, सारण और वैशाली के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.
जानकारी के मुताबिक, इन तीनों पीपा पुलों को 15 जून की आधी रात से ही खोलना शुरू कर दिया जाएगा. गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए और किसी भी तरह की घटना ना हो, इसकी वजह से जल्द ही यह कार्रवाई शुरू की जाएगी.
हर साल क्यों खोले जाते हैं पुल?
पीपा पुल एक अस्थायी संरचना होते हैं. इसे सामान्य दिनों में जब नदी का जलस्तर सामान्य होता है तो स्थापित किया जाता है. लेकिन मॉनसून से पहले इसे हटा लिया जाता है. जानकारी के मुताबिक, नदी के जलस्तर बढ़ने और तेज धारा की वजह से किसी तरह की अनहोनी होने की आशंका होती है, इसे ध्यान में रखते हुए हर साल पीपा पुल को बरसात से पहले ही खोल दिया जाता है. लेकिन बरसात के बाद इसे फिर स्थापित कर दिया जाता है.
पीपा पुल के खुलने के बाद लोगों से जिला प्रशासन ने वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करने की अपील की है. साथ ही अभी 15 जून के बाद इन पुलों के जरिए कहीं भी जाने की प्लानिंग नहीं करने की अपील की.
बिहार में मॉनसून प्रवेश कर गया है
बिहार में किशनगंज-अररिया के रास्ते बुधवार की देर रात मॉनसून बिहार में प्रवेश कर गया है. गुरुवार तक इसका फैलाव सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और मधेपुरा जिलों तक हो चुका है. मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक परिस्थितियां अनुकूल होन के कारण 14 से 15 जून तक पूरे बिहार में मॉनसून के छाने की संभावना बनी हुई है. इसके बाद बिहार में तेज और हल्की बारिश की शुरुआत हर क्षेत्र में होने का पूर्वानुमान है.

