राँची(JHARKHAND): चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता और फिलहाल जमानत पर चल रहे बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को रांची सिविल कोर्ट से बड़ी राहत मिली है।
अदालत ने उन्हें इलाज और रूटीन मेडिकल चेकअप के लिए सिंगापुर जाने की अनुमति दे दी है। साथ ही कोर्ट ने उनका पासपोर्ट रिलीज करने का भी आदेश दिया है।
जानकारी के मुताबिक, लालू प्रसाद जून के पहले सप्ताह में सिंगापुर रवाना हो सकते हैं। दिसंबर 2022 में माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। अब उसी अस्पताल के डॉक्टरों ने उन्हें नियमित जांच के लिए बुलाया है।
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
इस संबंध में लालू प्रसाद की ओर से अदालत में आवेदन दाखिल कर विदेश यात्रा और पासपोर्ट रिलीज करने की मांग की गई थी। मामले की सुनवाई अपर न्यायायुक्त अखिलेश कुमार तिवारी की अदालत में हुई। मेडिकल जरूरतों को देखते हुये कोर्ट ने उन्हें राहत प्रदान की। गौरतलब है कि चारा घोटाला से जुड़े कई मामलों में लालू प्रसाद को दोषी ठहराया जा चुका है। डोरंडा, चाईबासा, देवघर और दुमका कोषागार से अवैध निकासी मामलों में उन्हें सजा मिली थी। फिलहाल वह स्वास्थ्य आधार पर जमानत पर बाहर हैं।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

