बिहार(BIHAR) : गया के सिसवर गांव में शुक्रवार देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी पर कार्यक्रम के दौरान पत्थर फेंककर हमला कर दिया गया। मंत्री मंच से भाषण दे रहे थे, तभी अचानक पथराव शुरू हो गया। घटना संत थॉमस इंग्लिश स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह की है। अचानक मंच के पास पत्थर गिरने की आवाज सुनते ही कार्यक्रम स्थल पर हड़कंप मच गया। केंद्रीय मंत्री कुछ पल के लिए रुक गये और सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आ गये।
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
सुरक्षाकर्मी दौड़े, दो युवक हिरासत में
DSP सुरेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष दिनेश कुमार महतो और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उस दिशा में दौड़ लगाई, जहां से पत्थर फेंके गये थे। पुलिस ने मौके से दो युवकों को हिरासत में लिया। हालांकि मामला शांत होने के करीब 10 मिनट बाद फिर से मंच की ओर पत्थर फेंके गये। इसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों ने हालात संभाले। तनावपूर्ण माहौल के बावजूद केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कड़ी सुरक्षा के बीच अपना भाषण पूरा किया और बच्चों को पुरस्कार वितरण भी किया। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उन्हें सुरक्षा घेरे में उनके पैतृक गांव महकार रवाना किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही SSP सुशील कुमार ने अधिकारियों से पूरी रिपोर्ट तलब की और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिये।
शहर और स्थानीय मार्गदर्शिका
इस घटना ने इसलिए भी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है क्योंकि दो दिन पहले ही जीतन राम मांझी को सोशल मीडिया पर धमकी दी गई थी। मारूफगंज निवासी राजेश राव उर्फ सरदार ने वीडियो जारी कर मंत्री को धमकाया था। पुलिस ने उस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुये आरोपी को लहेरीसराय से गिरफ्तार किया था। अब पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को गंभीरता से लेते हुये हर एंगल से जांच में जुट गई है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

