DESK: पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिली प्रचंड जीत के बाद दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में जश्न का माहौल है। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री Narendra Modi, पार्टी नेतृत्व और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पीएम मोदी के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने ‘मोदी जी’ और ‘जय श्रीराम’ के नारों से माहौल गूंजा दिया।
अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह दिन ऐतिहासिक और अभूतपूर्व है—सालों की साधना आज सिद्धि में बदलती नजर आ रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं की खुशी में खुद को शामिल करते हुए इसे देश के उज्जवल भविष्य का संकेत बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि चुनाव में जीत और हार लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन इन चुनावों ने दुनिया को दिखा दिया कि भारत को “मदर ऑफ डेमोक्रेसी” क्यों कहा जाता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह सिर्फ लोकतंत्र की जीत नहीं, बल्कि भारत के संविधान और संवैधानिक संस्थाओं की भी जीत है।
उन्होंने सभी पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और केरल—की जनता का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने रिकॉर्ड मतदान, खासकर महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को भारतीय लोकतंत्र की मजबूत तस्वीर बताया। साथ ही चुनाव आयोग और सुरक्षाबलों के योगदान की सराहना की।
अपने भाषण के दौरान पीएम मोदी ने अपने राजनीतिक सफर का जिक्र करते हुए कहा कि वह काशी किसी के कहने पर नहीं, बल्कि “मां गंगा के बुलावे” पर पहुंचे थे। उन्होंने यह भी कहा कि गंगा के साथ ब्रह्मपुत्र का आशीर्वाद भी उन्हें मिला है।
अंत में उन्होंने पश्चिम बंगाल में मिली जीत को “भयमुक्त और विकासयुक्त” भविष्य की शुरुआत बताते हुए जनता के भरोसे को सबसे बड़ी ताकत बताया।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

