धनबाद(DHANBAD): धनबाद में हैप्पी लड्डू ट्रस्ट द्वारा पिछले चार से पाँच वर्षों से बच्चों के शारीरिक विकास एवं खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निरंतर कार्य किया जा रहा है। संस्था द्वारा गोल्फ ग्राउंड में नियमित रूप से बच्चों के लिए शारीरिक प्रशिक्षण एवं विभिन्न खेल गतिविधियाँ आयोजित की जाती हैं, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे, विशेषकर बच्चियाँ, भाग लेती हैं।
इसी क्रम में आज दिनांक 19 अप्रैल 2026 को हैप्पी लड्डू ट्रस्ट के संस्थापक विकाश कुमार के नेतृत्व में संस्था के प्रतिनिधियों ने धनबाद के मेयर से मुलाकात कर एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से गोल्फ ग्राउंड में व्याप्त मूलभूत समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित कराया गया।
संस्था ने बताया कि गोल्फ ग्राउंड में पीने के पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे बच्चों को प्रशिक्षण के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। साथ ही, बच्चियों के लिए शौचालय की उचित व्यवस्था का अभाव भी एक गंभीर समस्या है, जिसे तत्काल समाधान की आवश्यकता है।
ज्ञापन में मेयर से अनुरोध किया गया कि गोल्फ ग्राउंड में जल्द से जल्द स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई जाए तथा बच्चियों के लिए सुरक्षित एवं स्वच्छ शौचालय का निर्माण कराया जाए, ताकि सभी बच्चे बिना किसी असुविधा के अपने शारीरिक प्रशिक्षण और खेल गतिविधियों को सुचारु रूप से जारी रख सकें।
संस्था के संस्थापक विकाश कुमार ने कहा कि यदि इन मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था हो जाती है, तो बच्चों को और बेहतर वातावरण मिलेगा और वे अपने खेल एवं शारीरिक विकास पर और अधिक ध्यान केंद्रित कर पाएंगे।
संस्था ने आशा व्यक्त की है कि नगर निगम इस विषय को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहयोग मिल सके।
NEWSANP के लिए राणा प्रताप की रिपोर्ट

