पश्चिम बंगाल के हावड़ा डिवीजन में सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। रेलवे ने 1 और 2 अगस्त को ट्रैक मेंटेनेंस के कारण कई ट्रेनों को रद्द करने और कुछ रेल सेवाओं में बदलाव करने का फैसला किया है।
दक्षिण-पूर्व रेलवे के अनुसार, डानकुनी स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के रखरखाव का काम किया जाएगा। इसके लिए 1 अगस्त की रात 10:30 बजे से 2 अगस्त की सुबह 4:30 बजे तक करीब 6 घंटे का स्पेशल ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इस ट्रैफिक ब्लॉक की वजह से दो दिनों में कुल 8 ट्रेनों को रद्द किया गया है। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के समय और संचालन में भी बदलाव किया जा सकता है।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का लेटेस्ट स्टेटस और टाइमिंग जरूर जांच लें, ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
रेलवे ने 1 अगस्त को रद्द की गई ट्रेनों की सूची भी जारी कर दी है।
- हावड़ा से ट्रेन नंबर 37849 और 36087 रद्द रहेगी
- बारुईपाड़ा से ट्रेन नंबर 32414 रद्द रहेगी
- सियालदह से ट्रेन नंबर 32413 रद्द रहेगी
- मोसाग्राम से ट्रेन नंबर 36088 रद्द रहेगी
- बर्धमान से ट्रेन नंबर 36860 रद्द रहेगी
2 अगस्त को रद्द रहने वाली ट्रेनें
- हावड़ा से ट्रेन नंबर 36811 रद्द रहेगी
- बर्धमान से ट्रेन नंबर 36812 रद्द रहेगी
बता दें कि कुछ दिन पहले ही हावड़ा डिवीजन में नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के कारण रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई थीं. 24 जुलाई की शाम 5 बजे से 27 जुलाई की सुबह 5 बजे तक लगातार 60 घंटे चले नॉन-इंटरलॉकिंग के काम की वजह से दर्जनों लोकल ट्रेनें रद्द कर दी गयीं थीं. कई ट्रेनों का रूट शॉर्ट-टर्मिनेट किया गया था. रेलवे के अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए स्टेशनों जाने से पहले ट्रेन शेड्यूल अवश्य चेक कर लें.

