सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो नोएडा की एक सोया चाप फैक्ट्री का है। वीडियो में एक युवक सोया चाप बनाने के लिए रखे मैदे में लेटकर नहाता और गोते लगाता नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों ने खाने की चीजों की साफ-सफाई और गुणवत्ता को लेकर चिंता जताई है।
हालांकि, अभी तक यह पुष्टि नहीं हुई है कि यह वीडियो नोएडा का ही है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच में यह वीडियो गौतम बुद्ध नगर का नहीं पाया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और वीडियो की सही जगह और सच्चाई का पता लगाया जा रहा है।
वायरल वीडियो में दिख रहे 4-5 लड़के
वायरल हो रहे वीडियो में एक लड़का किसी सोया चाप फैक्ट्री के अंदर नहा रहा है। ये लड़का जमीन पर पड़े सोया चाप के ढेर पर ही लेट-लेटकर नहा रहा और उसपर गोते भी लगा रहा है। वायरल वीडियो में 4-5 लड़के दिखाई दे रहे हैं, जो कि एक लड़का उस पर पानी डाल रहा है तो एक उसे सोया चाप पर ही पकड़कर घसीट रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि फिर भी एहतियात के तौर पर जिले में चाप बनाने वाली फैक्ट्रियों और प्रतिष्ठानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि विभाग ने विशेष टीम गठित की है, जो विभिन्न चाप फैक्ट्रियों में जाकर स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि अब तक की जांच में वायरल वीडियो का संबंध गौतम बुद्ध नगर से नहीं मिला है, लेकिन जांच और निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी वायरल वीडियो पर बिना पुष्टि किए भरोसा न करें। अगर किसी को खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता या साफ-सफाई को लेकर शिकायत है, तो इसकी जानकारी संबंधित विभाग को दें, ताकि उचित जांच की जा सके।
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। कई लोगों ने सोया चाप की गुणवत्ता और स्वच्छता पर सवाल उठाए हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि अगर इस तरह से सोया चाप बनाया जाता है, तो वे इसे नहीं खाएंगे। वहीं, कई लोगों ने वीडियो में दिख रहे युवकों और फैक्ट्री मालिक के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

