टेलीविजन की मशहूर अभिनेत्री शिव्या पठानिया जल्द ही बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। वह अपनी पहली हिंदी फिल्म ‘सिर्फ आपके’ में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह के साथ नजर आएंगी। खास बात यह है कि इस फिल्म से पवन सिंह भी हिंदी फिल्मों में डेब्यू कर रहे हैं। दोनों कलाकार पहली बार बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देंगे।
शिव्या ‘हमसफर्स’, ‘एक रिश्ता साझेदारी का’, ‘दिल ढूंढता है’, ‘राधाकृष्ण’, ‘बाल शिव – महादेव की अंधेरी गाथा’, ‘शिव शक्ति – तप त्याग तांडव’ और ‘लक्ष्मी नारायण – सुख समर्थ संतुलन’ जैसे शो के जरिए टेलीविजन पर एक जाना पहचाना चेहरा रही हैं। प्रोजेक्ट से जुड़े एक सूत्र के अनुसार, माना जा रहा है कि शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिल्म अभी पोस्ट-प्रोडक्शन स्टेज में है। सूत्र का कहना है, ‘शिव्या ने अपना काम पूरा कर लिया है और टीम अब फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने की दिशा में काम कर रही है। पवन सिंह के लिए यह एक अहम प्रोजेक्ट है क्योंकि इससे वे बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। हालांकि, कहानी और रिलीज की तारीख के बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
बता दें कि पिछले महीने बातचीत के दौरान, रियलिटी शो ‘स्पेक्ट्रा’ को होस्ट करने के बारे में बात करते हुए एक्ट्रेस शिव्या ने कहा था, ‘मैं खुशकिस्मत रही हूं कि मुझे ऐसे प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बनने का मौका मिला जो दर्शकों से जुड़ पाए, लेकिन ‘स्पेक्ट्रा’ कुछ अलग है। मैं कॉम्पिटिशन को गाइड नहीं कर रही थी। मैं लोगों के सफर को देख रही थी। इसमें बोलने से ज़्यादा सुनने की और चीजों को डायरेक्ट करने के बजाय उन पलों को जीने की जरूरत थी। यह ध्यान खींचने की कोशिश नहीं करता। यह आपको ठहरने, महसूस करने और जुड़ने के लिए आमंत्रित करता है। कोई ड्रामा नहीं, कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं, बस कुछ ऐसा जो असल में सही है।’

