सिंदरी मार्शलिंग यार्ड में नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ हुआ संपन्न, भक्ति और नारी शक्ति का दिखा अनूठा संगम…

सिंदरी मार्शलिंग यार्ड में नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ हुआ संपन्न, भक्ति और नारी शक्ति का दिखा अनूठा संगम…

​स्टेशन मैनेजर और जिला परिषद सदस्य श्वेता कुमारी रहीं मुख्य अतिथि, हजारों दीपों से जगमगाया परिसर।

सिंदरी(SINDRI): सिंदरी मार्शलिंग यार्ड स्थित गायत्री प्रज्ञापीठ में आयोजित तीन दिवसीय नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ सोमवार को पूर्णाहूति के साथ संपन्न हो गया। अखिल विश्व गायत्री परिवार, शांतिकुंज (हरिद्वार) के तत्वावधान में आयोजित इस अनुष्ठान में भक्ति, अध्यात्म और नारी जागरण का अभूतपूर्व नजारा देखने को मिला। पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य एवं माता भगवती देवी शर्मा के सूक्ष्म संरक्षण में आयोजित इस कार्यक्रम में पूरा क्षेत्र ‘गायत्री मंत्र’ के जयघोष से गुंजायमान रहा।
​कलश यात्रा से हुई शुरुआत महायज्ञ का शुभारंभ शनिवार को भव्य कलश शोभायात्रा के साथ हुआ था, जिसमें पीले वस्त्रों में सजी सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। रविवार को सुबह 9 बजे से विशेष हवन-यज्ञ और दीक्षा संस्कार संपन्न कराए गए। संध्या काल में शांतिकुंज से आई टोली ने युग संगीत और प्रवचनों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को युग परिवर्तन और आध्यात्मिक जागरण का संदेश दिया।

इस धार्मिक अनुष्ठान में मुख्य अतिथि के रूप में धनबाद जिला परिषद सदस्य श्वेता कुमारी एवं स्टेशन मैनेजर सरोज कुमार सिंह उपस्थित हुए। गायत्री परिवार के परिजनों ने अतिथियों को चंदन तिलक लगाकर सम्मानित किया। स्टेशन मैनेजर सरोज कुमार सिंह ने अपनी धर्मपत्नी के साथ यज्ञ में आहुति दी और गायत्री परिवार के कर्मठ कार्यकर्ताओं को गायत्री मंत्र का पट्टा पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने अपने संबोधन में यज्ञ की महत्ता और मानवीय मूल्यों पर प्रकाश डाला।
​जनकल्याण का संकल्प
​सोमवार दोपहर 2 बजे आरती के बाद महायज्ञ की पूर्णाहूति हुई। इस अवसर पर बच्चों का ‘विद्यारंभ संस्कार’ और नए साधकों का ‘दीक्षा संस्कार’ कराया गया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में हजारों दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी के बीच श्रद्धालुओं ने मानवता के कल्याण और राष्ट्र की सुख-समृद्धि का सामूहिक संकल्प लिया।
​इनका रहा सराहनीय योगदान
​आयोजन को सफल बनाने में सिम्पी, शालिनी, सिमरन, जवाहर जी, दीपक जी समेत गायत्री परिवार के अन्य सक्रिय कार्यकर्ताओं और भाई-बहनों की भूमिका सराहनीय रही। शांति और अनुशासन के साथ संपन्न हुए इस महायज्ञ ने क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना का संचार किया है।

NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *