DESK:शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (पीए) रहे चंद्रनाथ रथ हत्याकांड मामले में शक के आधार पर गिरफ्तार राज सिंह को रिहा कर दिया गया। वह गुरुवार को मीडिया के सामने आया और सारी सच्चाई बताई। कहा कि अगर सीबीआई इस मामले की जांच नहीं करती तो मेरा कभी भी एनकाउंटर किया जा सकता था।
राज ने बताया कि उस पर इतना दबाव बनाया गया था कि वह पूरी तरह घबरा गया था। डर भी लग रहा था कि कहीं उसे गोली न मार दी जाए। हालांकि, सारे साक्ष्यों व स्वजन द्वारा मजबूती से उसके खड़े होने का परिणाम रहा कि उसे रिहा कर दिया गया।
राज की बहन दीपशिखा ने मीडिया को एक दिन पहले ही बताया था कि राज को जमानत मिल गई है। दस्तावेज, सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर कोलकाता की अदालत ने माना कि राज घटना के दिन बलिया में मौजूद था। सीबीआइ ने भी राज के स्वजन से बातचीत व उनके द्वारा दिए गए सबूत की जांच की जो सही पाई गई। उसने घर पर माता जामवंती से लिपटकर आपबीती सुनाई।
राज का कहना है कि यदि स्वजन द्वारा दिए गए सीसीटीवी फुटेज नहीं होता तो शायद आज वह लोगों के बीच जिंदा नहीं होता। राज ने कहा कि वह अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा, पूर्वांचल प्रांत का प्रदेश सचिव है, लेकिन आरोप लगाया कि संगठन उसके साथ खड़ा नहीं हुआ, ऐसे में वह कभी भी इस्तीफा दे सकता है। कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुझे यकीन था कि मैं गलत नहीं हूं तो मेरे साथ कुछ गलत नहीं होगा। माता जामवंती ने कहा कि उन्हें रामलला पर पूरा भरोसा था। गिरफ्तारी से पहले अयोध्या में रामलला का दर्शन भी किया था, उनकी वजह से ही मेरा बेटा वापस आया है।
चंद्रनाथ रथ हत्याकांड मामले में 10 मई को बिहार के बक्सर से मयंक मिश्रा व विक्की मौर्य की गिरफ्तारी हुई थी। वहीं मयंक से मिले इनपुट के जरिए 11 मई को राज सिंह को गिरफ्तार किया था। वहीं दूसरी तरफ 18 मई को बलिया के ही रसड़ा क्षेत्र के रतोपुर गांव निवासी राजकुमार सिंह की मुजफ्फरनगर से गिरफ्तारी हुई थी। राजकुमार सिंह भी खुद को कई दस्तावेज में राज की लिखता है।
इसके अलावा दाढ़ी-बाल होने की वजह से दोनों का चेहरा भी थोड़ा-थोड़ा मिलता है, ऐसे में सीबीआइ ने राज व राजकुमार सिंह की कड़ियां जुटाईं। बहन के मुताबिक राज को कोलकाता की अदालत से जमानत मिलने के बाद उसने वहीं से फेसबुक पर वीडियो अपलोड किया। इसमें राज कहते स्पष्ट दिख रहा है कि ”जय श्रीराम, सब का जवाब मिल जाएगा, थोड़ा धैर्य बना कर रखिए, मीडिया को भी जवाब देने आ रहे हैं…”। वीडियो में राज सिंह पूरी तरह कॉन्फिडेंट नजर आ रहा था।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

