बिहार पुलिस ने लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी की सुरक्षा में कटौती या उसे हटाने के दावों का खंडन किया है। बिहार पुलिस ने एक्स पर पोस्ट करके लिखा, “पुलिस के अनुसार, उनकी सुरक्षा घटाई नहीं गई है, बल्कि नियमों और नियमित सुरक्षा समीक्षा के तहत उनकी सुरक्षा व्यवस्था का स्वरूप बदला गया है। बिहार पुलिस के नए सुरक्षा निर्देशों के तहत उन्हें बुलेट प्रूफ कार, पायलट और बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के गार्ड्स मुहैया कराए गए हैं।”
बिहार पुलिस ने बताया, “विशेष सुरक्षा दल अधिनियम-2010 के प्रावधानानुसार सुरक्षार्थ अंगरक्षक/ आवास गार्ड/ स्कॉट गार्ड/ पायलट के अतिरिक्त BR Car भी उपलब्ध कराया गया है। इसी प्रकार श्रीमती राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष, बिहार विधान परिषद्-सह-पूर्व मुख्यमंत्री, बिहार को विशेष सुरक्षा दल अधिनियम-2010 एवं बिहार सरकार का संकल्प ज्ञापांक-3663, दिनांक-02.05.2017 के प्रावधानानुसार सुरक्षार्थ अंगरक्षक/ आवास गार्ड/ स्कॉट गार्ड/ पायलट के अतिरिक्त BR Car भी उपलब्ध कराया गया है।”
बिहार पुलिस ने बताया, “साथ ही अनुमान्यता के आलोक में सादे लिवास में S.B. Component के रूप में भी सुरक्षाकर्मी उपलब्ध कराये गये हैं। दोनों माननीय को अनुमान्यता के अनुरूप सुरक्षा प्रदान की गयी है।”
आपको बता दें कि हालही में लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया था। इसमें कहा गया था, “जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपनी सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं वापस कर दी हैं। बताया जा रहा है कि यह मामला पहले से ही बिहार सरकार के संज्ञान में था। बिहार से बाहर रहने के कारण उन्हें सुरक्षा प्राप्त थी, लेकिन बिहार लौटते ही उन्होंने स्वयं अपनी सारी सुरक्षा वापस कर दी। अब ऐसे में उनकी सुरक्षा और किसी भी अप्रिय घटना की जवाबदेही सरकार की होगी। लोकतंत्र में विपक्ष के नेताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार का दायित्व है।”

