बॉलीवुड की चर्चित फिल्म फ्रेंचाइजी ‘रेस’ की अगली फिल्म ‘रेस 4’ को लेकर लगातार खबरें सामने आ रही हैं। हाल ही में दावा किया गया था कि आमिर खान इस फिल्म का हिस्सा हो सकते हैं। इसके अलावा ‘ठग्स ऑफ हिंदोस्तान’ के डायरेक्टर विजय कृष्ण आचार्य के फिल्म का निर्देशन करने की भी खबरें थीं।
अब फिल्म के प्रोडक्शन हाउस टिप्स फिल्म्स ने इन खबरों पर सफाई दी है। प्रोड्यूसर रमेश तौरानी ने साफ कहा है कि फिल्म की कास्ट अभी तक फाइनल नहीं हुई है।
रमेश तौरानी ने क्या कहा?
रमेश तौरानी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर करते हुए बताया कि ‘रेस 4’ की कास्ट अभी तय नहीं हुई है।
उन्होंने मीडिया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से अपील की कि कास्टिंग को लेकर किसी भी तरह की अटकलों पर भरोसा न करें और बिना पुष्टि के खबरें न चलाएं।
उन्होंने कहा कि जब फिल्म की कास्ट फाइनल हो जाएगी, तब टिप्स फिल्म्स की ओर से इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
अक्षय खन्ना के नाम की भी आई थी चर्चा
इससे पहले इसी साल जनवरी में खबर आई थी कि अक्षय खन्ना ‘रेस 4’ में वापसी कर सकते हैं।
‘रेस’ के पहले पार्ट में अक्षय खन्ना का किरदार मर गया था। ऐसे में उनके पुराने किरदार की वापसी की खबर ने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी थी।
हालांकि, रमेश तौरानी ने हिंदुस्तान टाइम्स से बातचीत में कहा था कि उन्होंने अक्षय खन्ना को फिल्म के लिए अप्रोच नहीं किया है।
सिद्धार्थ और टाइगर के नाम भी चर्चा में
‘रेस 4’ को लेकर सिद्धार्थ मल्होत्रा और टाइगर श्रॉफ के नाम भी सामने आ चुके हैं। रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि दोनों कलाकारों को फिल्म की कहानी सुनाई गई है।
हालांकि, दोनों में से किसी की भी फिल्म में कास्टिंग की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
‘रेस’ फ्रेंचाइजी की अब तक की कहानी
‘रेस’ फ्रेंचाइजी की पहली फिल्म 2008 में रिलीज हुई थी। इसमें सैफ अली खान, अक्षय खन्ना, अनिल कपूर, बिपाशा बसु, कैटरीना कैफ और समीरा रेड्डी नजर आए थे। फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
इसके बाद ‘रेस 2’ 2013 में रिलीज हुई, जिसमें सैफ अली खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम जैसे कलाकार थे।
वहीं ‘रेस 3’ 2018 में आई थी। इसमें सलमान खान और जैकलीन फर्नांडिस मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।
अब ‘रेस 4’ की कास्ट को लेकर फैंस के बीच काफी उत्सुकता है, लेकिन फिलहाल मेकर्स ने किसी भी कलाकार का नाम आधिकारिक तौर पर कंफर्म नहीं किया है।
आमिर खान के पास भी कई प्रोजेक्ट
आमिर खान की बात करें तो वह आने वाली फिल्म ‘ललकारा’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में वह लाल अमरनाथ का किरदार निभाएंगे।
इसके अलावा आमिर खान ने ‘बंटवारा 1947’ को प्रोड्यूस किया है। फिल्म में सनी देओल, प्रीति जिंटा, करण देओल और शबाना आजमी अहम भूमिकाओं में हैं। फिल्म को पॉजिटिव रिव्यू मिले, हालांकि बॉक्स ऑफिस पर इसे खास सफलता नहीं मिली।

