कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 11 लोगों की मौत; कई घायल

कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, 11 लोगों की मौत; कई घायल

उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में पटाखा फैक्ट्री में बड़ा हादसा हुआ है। पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर में पटाखे बनाने वाली फैक्ट्री में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने की है। कई लोगों के घायल होने की भी जानकारी है।

धमाके के बाद मची अफरा-तफरी

विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं और राहत-बचाव का काम शुरू किया।

घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। एक गंभीर रूप से घायल महिला को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर

सीओ शिवांग सिंह के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद है। जिला प्रशासन की ओर से भी राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है।

DM कौशांबी अमित पाल शर्मा ने बताया कि मौके पर एंबुलेंस के साथ फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां भेजी गई हैं। शुरुआती कार्रवाई में करीब पांच लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें कुछ घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

दो-तीन घरों के भी प्रभावित होने की जानकारी

DM के मुताबिक, शुरुआती जांच में आसपास के करीब दो से तीन घरों के जलने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर स्थिति का जायजा ले रही हैं और घायलों की हालत के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

CM योगी ने लिया हादसे का संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी में हुए पटाखा फैक्ट्री हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों का बेहतर इलाज कराने और पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *