अयोध्या: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसियों को आरोपियों के बैंक खातों में उनकी आय से कहीं ज्यादा रकम के लेनदेन के सबूत मिले हैं। एसआईटी और पुलिस ने पिछले एक साल के बैंक रिकॉर्ड की जांच की, जिसमें कई संदिग्ध ट्रांजेक्शन सामने आए हैं। इन सभी लेनदेन को जांच का हिस्सा बनाया गया है।
इसके साथ ही पुलिस आरोपियों के मकान, प्लॉट, हॉस्टल और अन्य संपत्तियों की जानकारी भी जुटा रही है। इन संपत्तियों की कीमत का आकलन किया जा रहा है। वहीं, पुलिस ने अनिल और गोपाल को पूछताछ के लिए नोटिस भेज दिया है, लेकिन अब तक दोनों से पूछताछ नहीं हो सकी है।
प्रकरण में एसआईटी और पुलिस दोनों की जांच चल रही है। पुलिस ने भी बैंकों से आरोपियों के बैंक खातों का विवरण मांगा था। इसमें आरोपियों के कई परिवार वालों के खाते भी शामिल हैं। एक-एक आरोपी व उनके परिजनों के खातों में जितनी रकम का ट्रांजेक्शन हुआ है, उसका उनकी सैलरी से मिलान नहीं हो सका। क्योंकि कमाई न के बराबर है और रकम इधर-उधर लाखों-करोड़ों की हुई। ये सबूत यह साबित करने के लिए काफी हैं कि आरोपियों ने जो रकम चढ़ावे की पार की, उसे इधर-उधर खपाई।

