नई दिल्ली: देशभर में महंगाई का असर अब लोगों की पसंदीदा 2 मिनट नूडल्स मैगी पर भी देखने को मिल रहा है। हालांकि कंपनी ने मैगी की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया है, लेकिन इसके पैक का वजन कम कर दिया गया है। यानी अब ग्राहकों को पहले जितनी कीमत में कम मात्रा में मैगी मिलेगी। ऐसे में 12 रुपये वाला मैगी पैक, जो पहले कई लोगों का पेट भर देता था, अब पहले की तुलना में कम मात्रा के कारण उतना पर्याप्त नहीं रहेगा।
दरअसल एक रिपोर्ट के मुताबिक कंपनी मैगी के 7, 12, 15, 30, 60, 90 और 120 रुपये के पैकेट के वजन घटा दिए हैं. 7 रुपये वाले पैकेट में पहले जहां 35 ग्राम नूडल्स मिला करते थे, उसे अब घटाकर 32 ग्राम कर दिया गया है. तो वहीं 12 रुपये वाले पैकेट का वजन 52 ग्राम से घटाकर 48 ग्राम कर दिया गया है. इसके अलावा भी सभी पैकेट का वजन घटाकर पहले के मुकाबले करीब 7% कम कर दिया गया है.
अब पेट नहीं भरेगी मैगी
कंपनी ने मैगी के दाम वही रखे हैं, दामों में कोई बढ़ोतरी या घटत नहीं हुई है, लेकिन इसके वजन में काफी कमी कर दी गई है. जिसका साफ मतलब है कि इन पैक्स में अब पहले की तुलना में कम मात्रा में नूडल्स मिलेंगे, जबकि कीमत वही रहेगी.
इस कटौती के बाद कंपनी ने अपने बयान में कहा है कि, ‘बढ़ती लागत से निपटने के लिए वो पहले उत्पादन में बचत, बेहतर खरीद, क्षमता बढ़ाने और अन्य उपाय अपनाती है. कीमत बढ़ाना उसका लास्ट ऑप्शन होता है, इसलिए इस बार कीमत बढ़ाने की बजाय पैक का वजन कम किया गया है.

