बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने गुरुवार को पटना स्थित 10 सर्कुलर रोड का सरकारी बंगला खाली कर दिया। करीब 20 साल तक इस आवास में रहने के बाद अब लालू परिवार ने यहां से शिफ्ट होने का फैसला लिया है।
आवास खाली करने के बाद परिवार अब कौटिल्य नगर स्थित नए घर में रहने जाएगा। इससे पहले राबड़ी देवी ने सरकारी बंगला खाली करने के लिए 5 जुलाई तक का समय मांगा था, लेकिन उन्होंने तय समय से पहले ही आवास खाली कर दिया।
निजी आवास में शिफ्ट हुई राबड़ी देवी
राबड़ी देवी अपने परिवार के साथ कौटिल्य नगर स्थित जिस आवास में शिफ्ट हुई हैं, वो निजी आवास है। इससे पहले 22 जून को भवन निर्माण विभाग की ओर से नोटिस भेज कर सात दिनों में आवास खाली करने का आदेश दिया था, जिसके बाद राबड़ी देवी ओर से कुछ और समय की मांग की गई थी।
बंगला 2006 में राबड़ी देवी को मिला था
बता दें कि नेता प्रतिपक्ष होने के नाते 2006 में राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड आवास स्थित सरकारी बंगला आवंटित किया गया था। इस आवास में रहने के दौरान लालू परिवार ने राजनीति में कई छोटे और बड़े उतार-चढ़ाव देखे हैं।

