रांची(RANCHI): भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘माय भारत’ प्लेटफॉर्म द्वारा आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता ‘बजट क्वेस्ट’ का फाइनल राउंड रांची के रिम्स ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ। इसमें धनबाद के BBMKU के छात्र सौरभ कुमार बरनवाल (बाघमारा), छोटू कुमार गुप्ता (सिजुआ), तन्नू गुप्ता (गोविंदपुर) और श्रेया अग्रवाल (भूली) ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
दो दिवसीय इस कार्यक्रम में झारखंड और पश्चिम बंगाल के 500 से अधिक मेधावी युवा शामिल हुए। 13 अप्रैल को केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए युवाओं को संबोधित कर ‘विकसित भारत’ के संकल्प और केंद्रीय बजट पर चर्चा की। आयोजन की शुरुआत में युवाओं ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के तहत ‘फिट इंडिया’ के संकल्प के साथ साइकिल रैली में भाग लिया और युवतियों ने ‘शक्ति वंदन अधिनियम’ सत्र के माध्यम से मॉक पार्लियामेंट में महिला आरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
रांची विधायक सीपी सिंह, रिम्स के वरीय पदाधिकारीयों, मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में हुए इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को देश की नीति-निर्माण प्रक्रिया (बजट) से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना है। ‘माय भारत’ पोर्टल के माध्यम से इन युवाओं को सीधे नेतृत्व से संवाद करने का ऐतिहासिक अवसर मिला।
NEWSANP के लिए रांची से सौरभ की रिपोर्ट

