सिंदरी(SINDRI): बीआईटी सिंदरी के इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग सोसाइटी (EES) द्वारा आयोजित विभाग के प्रतिष्ठित फ्लैगशिप इवेंट ‘इलेक्ट्रोफिएस्टा’ का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह ने पूरे परिसर में तकनीकी उत्साह और नवाचार की नई ऊर्जा का संचार किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि एवं विभागाध्यक्ष प्रो. अबुल कलाम द्वारा किया गया। इस अवसर पर विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसरों में प्रो. राजेंद्र मुर्मू, प्रो. मनीमाला एवं प्रो. प्रवीण कुमार भी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रोफेसरों ने अपने संबोधन में छात्रों को तकनीकी दक्षता, नवाचार एवं निरंतर सीखने के महत्व से अवगत कराया और उन्हें प्रतियोगिताओं में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
उद्घाटन के तुरंत बाद ‘इलेक्ट्रोफिएस्टा’ के प्रथम चरण (राउंड-1) की शुरुआत हुई। इस चरण में आयोजित एप्टीट्यूड राउंड में छात्रों की तार्किक क्षमता, गणितीय दक्षता तथा समस्या समाधान कौशल का आकलन किया गया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया, जिससे उनकी अकादमिक प्रतिभा एवं प्रतिस्पर्धात्मक भावना परिलक्षित हुई।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में समिति के प्रो. इंचार्ज डॉ. हरीश चंद्र वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्थान के निदेशक डॉ. पंकज राय के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। उद्घाटन समारोह का समापन जनरल सेक्रेटरी पुष्पम झा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
NEWSANP के लिए सिंदरी से ब्यूरो रिपोर्ट

