मॉनसून के बीच देश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शनिवार को यूपी, बिहार समेत कई राज्यों में तेज बारिश, आंधी और तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके कारण अगले 3 दिनों तक पूर्वी भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, 8 अगस्त को ओडिशा के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
IMD ने अगले कुछ घंटों के दौरान उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के कई जिलों में तेज बारिश की चेतावनी दी है।
दिल्ली में भी तेज बारिश का अलर्ट
दिल्ली में शनिवार को मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में शनिवार को अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
यूपी का मौसम
यूपी के गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, मिर्जापुर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर,बुलंदशहर, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, आजमगढ़, देवरिया, सोनभद्र, चंदौली, मऊ, वाराणसी और प्रयागराज में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की गई है. इस दौरान 70 से 75 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का अलर्ट है. 8 अगस्त को लखनऊ का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहेगा.
बिहार में येलो अलर्ट
बिहार के जहानाबाद, सारण, सीवान, बक्सर, गया, पटना, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सहरसा, सुपौल, खगड़िया, भागलपुर और लखीसराय में भारी बारिश और आंधी का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 65 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है.
असम में बाढ़
असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है. एक आधिकारिक बुलेटिन में बताया गया है कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 98 हो गई है, जबकि 13 जिलों में प्रभावित लोगों की संख्या घटकर 1.55 लाख हो गई है.
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के बुलेटिन में कहा गया कि नवीनतम मौत चराइदेव जिले के महमोरा राजस्व सर्कल से हुई है. शिवसागर, गोलाघाट, नागांव, होजाई, सोनितपुर, धेमाजी, दरांग, बिस्वनाथ, कामरूप (एम), लखीमपुर, उदलगुरी, जोरहाट और चराइदेव बाढ़ के पानी से प्रभावित रहे, जिससे 464 गांव प्रभावित हुए हैं.

