नई दिल्ली: मानसून के आखिरी दौर में एक बार फिर मौसम विभाग ने कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने भारी बारिश के साथ तेज हवाओं को लेकर चेतावनी दी है।
कई जगहों पर 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। पहाड़ी इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा भी जताया गया है। आंध्र प्रदेश, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में आंधी-तूफान के कारण लोगों की परेशानी बढ़ सकती है।
बंगाल की खाड़ी में भी तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिसका असर पूर्वी भारत के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है। इसके अलावा कुछ राज्यों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार (15 सितंबर) को उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, तमिलनाडु और महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
तेज आंधी की संभावना को देखते हुए किसानों को भी विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में बारिश और आंधी की चेतावनी
राजधानी दिल्ली में मंगलवार को मध्यम से भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है।
15 सितंबर को दिल्ली में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
यूपी में अगले 48 घंटे बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश में अगले 2 दिनों तक कुछ इलाकों में छिटपुट बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बादलों की सक्रियता बढ़ने और अरब सागर से नमी आने के कारण अगले 48 घंटे में कुछ जिलों में बारिश की संभावना है। इसके बाद बारिश में कमी आ सकती है।
सोमवार को बुंदेलखंड और पूर्वांचल के कुछ जिलों में हल्की बूंदाबांदी हुई। बलिया, गोरखपुर, बांदा, झांसी, उरई और बरेली में गरज-चमक के साथ बारिश हुई।
यूपी के 44 जिलों में बिजली गिरने का खतरा
मौसम विभाग ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के 44 जिलों में गरज-चमक के साथ वज्रपात की संभावना जताई है।
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसूनी ट्रफ लाइन के एक बार फिर उत्तर की ओर खिसकने के संकेत हैं। इसके कारण अगले 2-3 दिन तराई, मध्यांचल और पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
19 सितंबर से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम के शुष्क होने की संभावना है।
बिहार के इन जिलों में बारिश और आंधी
बिहार के औरंगाबाद, रोहतास, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सिवान, सारण, गया, गोपालगंज, पटना, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्णिया, सुपौल, सहरसा और बेगूसराय में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है।
इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
पटना में आज अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में भी बारिश और आंधी का अलर्ट
उत्तराखंड के पिथौरागढ़, नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, अल्मोड़ा, ऋषिकेश, टिहरी गढ़वाल, चमोली और रुद्रप्रयाग समेत कई इलाकों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
देहरादून में आज अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है।

