क्या भारत अपनी वायुसेना के लिए रूस से Su-57 पांचवीं पीढ़ी का फाइटर जेट खरीद सकता है? इसको लेकर रूस की ओर से बड़ा संकेत सामने आया है। रूसी राष्ट्रपति के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि Su-57 को भारत को बेचने का मुद्दा रूस के एजेंडे में है और इस पर बातचीत की जा रही है।
भारत चाहता है विमान बनाने की तकनीक
दिमित्री पेस्कोव ने कहा कि Su-57 एक अत्याधुनिक लड़ाकू विमान है और दुनिया के बेहतरीन विमानों में शामिल है।
उन्होंने बताया कि भारत सिर्फ विमान खरीदने में ही नहीं, बल्कि विमान बनाने की तकनीक हासिल करने में भी रुचि रखता है। इस मुद्दे पर दोनों देशों के बीच आगे बातचीत की जरूरत है और चर्चा जारी है।
भारत-रूस की रणनीतिक साझेदारी अहम
पेस्कोव ने कहा कि आमतौर पर कोई भी देश अपनी नई और आधुनिक सैन्य तकनीक को दूसरे देशों के साथ साझा करने को लेकर सावधानी बरतता है।
हालांकि, भारत और रूस के बीच मजबूत रणनीतिक संबंधों को देखते हुए रूस ने भारतीय साझेदारों के साथ इस तकनीक को साझा करने की संभावनाओं पर चर्चा की है।
उन्होंने यह भी कहा कि सैन्य सहयोग से जुड़ी बातचीत आमतौर पर सार्वजनिक नहीं की जाती। इसलिए इसके बारे में ज्यादा जानकारी साझा करना संभव नहीं है।
पिछले साल Aero India में दिखा था Su-57
रूस पिछले साल Aero India में पहली बार अपना Su-57 फाइटर जेट लेकर आया था। यह पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर एयरक्राफ्ट है।
इसी कार्यक्रम में अमेरिका भी अपना पांचवीं पीढ़ी का F-35 फाइटर जेट लेकर आया था।
भारत खुद बना रहा AMCA
भारत भी अपनी पांचवीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान AMCA (Advanced Medium Combat Aircraft) पर काम कर रहा है। ऐसे में रूस के Su-57 की संभावित खरीद और उसकी तकनीक को लेकर होने वाली बातचीत भारत की भविष्य की रक्षा जरूरतों के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

