बिहार के गया जिले में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। फतेहपुर प्रखंड के रघुनाथ नगर गांव में खेलते समय 4 साल का मासूम पीयूष कुमार अचानक एक खुले बोरवेल में गिर गया।
जानकारी के मुताबिक, यह बोरवेल करीब 300 फीट गहरा है और बच्चा लगभग 30 से 35 फीट की गहराई में फंसा हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गया है। बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया। उनके निर्देश पर अंचल अधिकारी, फतेहपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी, फतेहपुर तथा थानाध्यक्ष, फतेहपुर तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव कार्य का नेतृत्व कर रहे हैं।
बच्चे की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए बोरवेल के भीतर पाइप के माध्यम से लगातार ऑक्सीजन उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि उसे पर्याप्त ऑक्सीजन मिलती रहे। जिला प्रशासन द्वारा चिकित्सकीय सहायता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी मौके पर सुनिश्चित की गई हैं।

