बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। इस चुनाव में जन सुराज के प्रमुख प्रशांत किशोर ने बड़ी जीत हासिल की। मतगणना के पहले राउंड से ही वह लगातार बढ़त बनाए रहे। वहीं, बीजेपी दूसरे और आरजेडी तीसरे स्थान पर रही।
नतीजे घोषित होने के बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर प्रशांत किशोर को जीत की बधाई दी। उन्होंने लिखा, “लोकतंत्र के महापर्व में बांकीपुर की जनता ने जन सुराज को चुना है। मैं जनता के इस फैसले का सम्मान करता हूं और श्री प्रशांत किशोर जी को उनकी जीत पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।”

वहीं, बीजेपी के एक सांसद ने चुनाव नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी इस हार की समीक्षा करेगी और यह पता लगाएगी कि किन कारणों से उम्मीद के मुताबिक परिणाम नहीं मिल सके।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना पर बीजेपी सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने कहा, “ये तो समीक्षा की बात होगी कि इसकी वजह क्या रही… कई बार उपचुनाव में और आम चुनाव में अंतर होता है. एक सीट से सरकार बनती या बिगड़ती नहीं है… ये समीक्षा का विषय है लेकिन मैं ये कहना चाहता हूं कि जो लोग EVM पर सवाल उठाते हैं, आज ये बात साबित हो गई कि EVM ठीक है. हम लोग लोकतंत्र में जनादेश का स्वागत करते हैं… विपक्ष भी इस बात को स्वीकार करे जो हमेशा EVM पर ठिकड़ा फोड़ता है…”
बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, “बांकीपुर में लगातार हमने विकास किया है. आगे भी बांकीपुर हमारी प्राथमिकता में रहेगा. बांकीपुर के लोग हमारे हैं. किस कारण से हमें कम मत मिला इसकी समीक्षा हम करेंगे. जीतने वाले प्रत्याशी को अग्रिम बधाई.”

