पाकिस्तान के बलूचिस्तान में आतंकवादियों ने एक पुलिस चौकी पर हमला कर दिया। इस हमले में 9 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 5 जवान लापता हैं। अधिकारियों के मुताबिक, घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, हमला सोमवार (6 जुलाई) रात ब्लूचिस्तान के जियारत जिले के मांगी डैम इलाके की पुलिस चौकी पर हुआ. पुलिस ने हमलावरों को रोकने की के लिए गोलीबारी की, लेकिन वह चौकी में घुसने में कामयाब रहे. जियारत के डिप्टी कमिश्नर अब्दुल कुदूस अचकजई ने घटना को लेकर बताया किया कि पांच पुलिसकर्मियों का अभी भी पता नहीं चल पाया है, जबकि कम से कम 9 पुलिसकर्मियों की मौत हुई है.
जियारत के डिप्टी कमिश्नर के मुताबिक, लापता पुलिसकर्मियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है और इलाके में अतिरिक्त कर्मियों को क्षेत्र में भेजा गया है. बलूचिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने आधिकारिक हैंडल से किए एक अन्य बयान में कहा कि हमले के बाद शुरू किया गया जाइंट ऑपरेशनु पूरा हो चुका है और फितना अल ख्वारिज से जुड़े 15 आतंकवादी मारे गए हैं.
पाकिस्तान राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हमले की कड़ी निंदा की. राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में कहा, ‘हम बलूचिस्तान में शांति और स्थिरता को भंग करने की हर साजिश को नाकाम करेंगे. राज्य आतंकवाद के खिलाफ अपने अभियान पूरी ताकत से जारी रखेगा.’ राष्ट्रपति ने हमले में मारे गए पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की.

