इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (IGNOU) जल्द ही AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस), डेटा साइंस, साइबर सिक्योरिटी और डिजिटल ह्यूमैनिटीज जैसे आधुनिक विषयों में नए कोर्स शुरू करेगी। इसके लिए IGNOU ने ओडिशा स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी (OSOU) के साथ समझौता किया है।
इस साझेदारी के तहत दोनों विश्वविद्यालय मिलकर सर्टिफिकेट, डिप्लोमा, UG, PG, स्किल डेवलपमेंट और रिसर्च प्रोग्राम तैयार करेंगे। ये नए कोर्स तैयार होने के बाद छात्रों के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। आइए जानते हैं कि AI, डेटा साइंस, साइबर सिक्याेरिटी में कोर्स विकसित व शुरू करने को लेकर इग्नू और ओडिशा स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी (OSOU) के बीच क्या करार हुआ है.
रिजनल भाषा में उपलब्ध होंगे कोर्स
इग्नू और ओडिशा स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी (OSOU) के बीच हुए करार के तहत दोनों ओपन यूनिवर्सिटी AI, डेटा साइंस के साथ ही साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल ह्यूमैनिटीज जैसे तकनीकी कोर्सों के लिए स्टडी मटीरियल, ई कंटेट और बहुभाषी डिजिटल संसाधन विकसित करेंगे, जिससे स्टूडेंट्स को उनकी क्षेत्रीय भाषा में तकनीकी कोर्स उपलब्ध हो सकेंगे.
इसके साथ ही दोनों ओपन व डिस्टेंस यूनिवर्सिटीज के बीच हुए करार के तहत डिजिटल लर्निंग इंफास्ट्रक्चर विकसित किया जाएगा. इसके साथ हीवर्चुअल क्लासरूम, एआई बेस्ट स्टूडेंट हेल्प सेंटर, ज्वाइंट रिसर्च, फैकेल्टी डेवलपमेंट पर ध्यान दिया जाएगा. ये पूरी कवायद दूरदराज के स्टूडेंट्स तक एजुकेशन को आसानी से पहुंचने को लेकर है.
ओडिशा स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी (OSOU) के 11वें स्थापना दिवस के अवसर पर बीते दिनों दोनों यूनिवर्सिटीज के बीच इस संबंध में करार हुआ है. इसको लेकर इग्नू की कुलपति प्रोफेसर उमा कांजीलाल ने कहा कि आने वाले वक्त तकनीक और AI का है. ऐसे में ओपन व डिस्टेंस एजुकेशन इंस्टीट्यूट को AI आधारित लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम, ऑन-स्क्रीन मूल्यांकन, मोबाइल आधारित शिक्षण प्रोग्राम को अपनाना होगा. बता दें कि इग्नू और ओडिशा स्टेट ओपन यूनिवर्सिटी (OSOU) के बीच हुए करार को अहम माना जा रहा है. इस करार के बाद देश में ओपन व डिस्टेंस लर्निंग से डिजिटल व तकनीकी शिक्षा आसानी से मिल सकेगी.

