रक्षाबंधन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पवित्र त्योहार सभी के जीवन में खुशहाली, समृद्धि और सफलता लेकर आए। पीएम मोदी ने भाई-बहन के बीच प्यार, अपनापन और विश्वास हमेशा मजबूत बने रहने की कामना की।
गृह मंत्री अमित शाह ने भी देशवासियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार भाई-बहन के बीच के अटूट प्यार और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कामना की कि रक्षाबंधन सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्यार, विश्वास और अपनापन का पर्व है। यह हमारी समृद्ध संस्कृति और पारिवारिक मूल्यों को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह त्योहार हमें महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और गरिमा के प्रति जिम्मेदार रहने की प्रेरणा भी देता है। उन्होंने कामना की कि समाज महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर और ज्यादा जागरूक बने।
वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी रक्षाबंधन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह त्योहार स्नेह, विश्वास, संस्कार और पारिवारिक रिश्तों का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपनी सांस्कृतिक विरासत और पारिवारिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लेने की अपील की।

