शनिवार को पाकिस्तान में 5.5 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके कई इलाकों में महसूस किए गए। फिलहाल किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है. यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंपीय केंद्र (EMSC) के मुताबिक, रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई.
EMSC के अनुसार, भूकंप स्थानीय समयानुसार सुबह 8:36 बजे आया. इसका केंद्र जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई में था, जिससे कई इलाकों में इसके झटके महसूस किए गए. अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र पाकिस्तान के बरखान प्रांत से 63 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित था.
जानकारी के अनुसार, भूकंप के झटके पाकिस्तान के कई हिस्सों में महसूस किए गए. हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है. इससे पहले शुक्रवार को भी पाकिस्तान के बलूचिस्तान में भूकंप के झटके महसूस किए गए थे. लगातार आ रहे भूकंपों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. वहीं, भारत के नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) ने शुक्रवार शाम जानकारी दी थी कि सेलेबेस सागर में रिक्टर स्केल पर 6.5 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया.

