जम्मू-कश्मीर से लौटने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या और ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट को देखते हुए भारतीय रेलवे ने यात्रियों को राहत देने के लिए स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, छुट्टियों और पर्यटन सीजन के कारण जम्मू-कश्मीर से विभिन्न राज्यों के लिए चलने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त स्पेशल ट्रेन संचालित की जाएगी, ताकि यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिल सके और यात्रा अधिक सुविधाजनक हो सके। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की रात शहीद कैप्टन तुषार महाजन स्टेशन से रात 9:30 पर चली ट्रेन रविवार सुबह 6:50 पर गाेमो, 7:18 पर महुदा एवं 7:48 पर भोजूडीह तथा दोपहर 12:30 पर खड़गपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में जनरल, स्लीपर व एसी के कोच जोड़े गए हैं, मगर एसी कोच के यात्रियों को बेड रोल यानी कंबल, चादर की सुविधा नहीं मिलेगी।
बता दें कि वनवे स्पेशल का ठहराव जम्मूतवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, सरहिंद, अंबाला कैंट, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, सुल्तानपुर, जौनपुर सिटी, वाराणसी, डीडीयू, भभुआ रोड, डेहरी आन सोन, गया, कोडरमा, पारसनाथ, गोमो, महुदा भोजूडीह, आद्रा, बांकुड़ा, बिष्णुपुर व मेदिनीपुर होकर खड़गपुर जाएगी।
इस एक्सप्रेस में मिलेगा अतिरिक्त कोच
धनबाद होकर चलने वाली कोलकाता-अहमदाबाद साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन में दो अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे। 19413 अहमदाबाद-कोलकाता एक्सप्रेस में एक से 29 जुलाई तक तथा 19413 कोलकाता-अहमदाबाद एक्सप्रेस में चार जुलाई से एक अगस्त तक एक स्लीपर व एक थर्ड एसी का अतिरिक्त कोच जोड़ा जाएगा।
