पाकिस्तान में भीषण सड़क हादसा, बस खाई में गिरी; 40 लोगों की मौत

पाकिस्तान में भीषण सड़क हादसा, बस खाई में गिरी; 40 लोगों की मौत

पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में शुक्रवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार से चल रही और क्षमता से अधिक यात्रियों को लेकर जा रही एक बस अचानक अनियंत्रित होकर हाईवे से गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गई, जबकि 8 अन्य घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि बस में तय क्षमता से ज्यादा यात्री सवार थे। यह हादसा हाल के वर्षों में पाकिस्तान के सबसे भीषण सड़क हादसों में से एक माना जा रहा है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद के मुताबिक, हादसा दाना सर इलाके में हुआ, जो बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा प्रांतों की सीमा के पास स्थित एक दुर्गम क्षेत्र है. बस तेज रफ्तार में थी और चालक के नियंत्रण खोने के बाद सीधे चट्टानी खाई में जा गिरी.

दूसरी बस में सभी यात्रियों को बैठाया गया
प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस में केवल उसके अपने यात्री ही नहीं थे, बल्कि एक दूसरी बस खराब हो जाने के कारण उसके यात्रियों को भी इसी बस में बैठा लिया गया था. इससे बस क्षमता से कहीं अधिक भर गई थी. प्रशासन मृतकों की पहचान करने में जुटा है.

पाकिस्तान के राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की. उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए. बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री सरफराज बुगटी ने भी हादसे पर शोक जताया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी घायलों का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित किया जाए.

आपको बता दें कि पाकिस्तान में सड़क दुर्घटनाएं आम बात हैं. इसकी प्रमुख वजहों में खराब सड़कें, यातायात नियमों का कमजोर पालन, ओवरलोडिंग और लापरवाही से वाहन चलाना शामिल हैं. पहाड़ी इलाकों में संकरी और खतरनाक सड़कों के कारण ऐसे हादसों का खतरा और बढ़ जाता है.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *