केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद सोशल मीडिया पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो 24 जून 2015 की एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का बताया जा रहा है। इसमें राजनाथ सिंह कहते हुए सुनाई देते हैं, “मंत्रियों के त्यागपत्र नहीं होते हैं भैया, ये UPA सरकार नहीं है, NDA सरकार है।” धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद इस पुराने बयान को लेकर सोशल मीडिया पर फिर से चर्चा शुरू हो गई है।
हालांकि, यह कहना सही नहीं होगा कि मोदी सरकार में पहली बार किसी केंद्रीय मंत्री ने इस्तीफा दिया है। इससे पहले 17 अक्टूबर 2018 को तत्कालीन विदेश राज्य मंत्री एम. जे. अकबर ने #MeToo अभियान के दौरान लगे आरोपों के बाद अपने पद से इस्तीफा दिया था।
धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार (25 जुलाई 2026) को केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया. उनके इस्तीफे से पहले देशभर में NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक और गड़बड़ी को लेकर छात्रों और छात्र संगठनों का लगातार विरोध प्रदर्शन चल रहा था. जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन जारी था.
इस आंदोलन के समर्थन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने भी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू की थी, जिसे उन्होंने शुक्रवार, 24 जुलाई को समाप्त किया. सोनम वांगचुक के अनशन खत्म होने के बाद से ही यह चर्चा तेज हो गई थी कि क्या धर्मेंद्र प्रधान अपने पद पर बने रहेंगे या इस्तीफा देंगे. इस बीच विपक्षी दलों और कई राजनीतिक संगठनों ने भी लगातार उनके इस्तीफे की मांग की.

