धनबाद(DHANBAD): धनबाद से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रेलवे सुरक्षा बल यानी आरपीएफ ने एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी चोरी की वारदात को नाकाम कर दिया।
मामला धनबाद रेलवे स्टेशन का है, जहां मुंबई से हावड़ा जा रही मुंबई मेल ट्रेन होम सिग्नल के पास खड़ी थी। इसी दौरान आरपीएफ को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति यात्रियों का सामान चोरी करने की फिराक में है।
सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर निगरानी शुरू की। तभी एक युवक हरे रंग का लेडीज पर्स लेकर भागता हुआ नजर आया। शक होने पर टीम ने उसे खदेड़ा और कुछ ही दूरी पर पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मो. शाई आलम बताया, जो उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है। उसने कबूल किया कि उसने ट्रेन से एक लेडीज पर्स और मोबाइल फोन चोरी किया था।
बरामद पर्स हावड़ा निवासी अमन तिवारी के परिवार का है, जबकि मोबाइल फोन पश्चिम बंगाल के नदिया जिले के साकेरपाड़ा निवासी काजल मलिता का बताया गया है।
फिलहाल आरपीएफ ने आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए रेल पुलिस के हवाले कर दिया है। मामले की जांच जारी है।
NEWSANP के लिए धनबाद से कुंवर अभिषेक सिंह की रिपोर्ट

