गांधी मैदान में भव्य सामूहिक विवाह, 51 जोड़ों ने लिए सात फेरे, बराती बने Chunky Pandey…

गांधी मैदान में भव्य सामूहिक विवाह, 51 जोड़ों ने लिए सात फेरे, बराती बने Chunky Pandey…

जामताडा(JAMTADA): शहर के गांधी मैदान में रविवार को एक ऐतिहासिक और भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन पूरे हर्षोल्लास और सामाजिक सौहार्द के माहौल में किया गया। इस खास मौके पर फिल्म अभिनेता Chunky Pandey भी बराती बनकर शामिल हुए, जिसने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

इस समारोह में 51 कन्याओं का विवाह एक साथ संपन्न कराया गया। इस अनोखे आयोजन को देखने और नवदंपत्तियों को आशीर्वाद देने के लिए शहर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी हजारों लोग पहुंचे। पूरा गांधी मैदान खुशियों, मंगल गीतों और उत्साह से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत दुमका रोड स्थित शिव मंदिर से हुई, जहां से 51 दूल्हों की भव्य और आकर्षक बारात एक साथ निकाली गई। सजे-धजे वाहन, बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों और नाचते-गाते बरातियों के साथ यह बारात शहर के मुख्य बाजारों से गुजरते हुए गांधी मैदान पहुंची। रास्ते में जगह-जगह फूलों की वर्षा कर दूल्हों और बरातियों का जोरदार स्वागत किया गया।

शहरवासियों ने अपने घरों और दुकानों से इस अद्भुत नजारे को देखा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर वर्ग में इस आयोजन को लेकर खास उत्साह नजर आया।
गांधी मैदान पहुंचने पर सभी दूल्हों और बरातियों का भव्य स्वागत किया गया। यहां समधी मिलन का दृश्य विशेष आकर्षण का केंद्र बना, जहां दोनों पक्षों के लोगों ने आपसी स्नेह और सम्मान के साथ एक-दूसरे का अभिवादन किया।
यह आयोजन सिर्फ एक विवाह समारोह नहीं, बल्कि बेटी सम्मान, सामाजिक एकता और सहयोग का सशक्त संदेश देने वाला प्रेरणादायक उदाहरण बन गया।

NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *