दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश, कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम

दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश, कई इलाकों में जलभराव और लंबा ट्रैफिक जाम

दिल्ली और एनसीआर में गुरुवार सुबह से लगातार तेज बारिश हो रही है। भारी बारिश की वजह से कई इलाकों में जलभराव हो गया है, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है।

सड़कों पर भरा पानी, रेंगती नजर आईं गाड़ियां

सफदरजंग अस्पताल, कनॉट प्लेस, सराय काले खां, कापसहेड़ा बॉर्डर और छतरपुर फार्म जैसे कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया। जलभराव के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई और कई जगह लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर भी गाड़ियों की लंबी कतारें देखी गईं। सड़क पर पानी भरने की वजह से गड्ढे और टूटी सड़कें दिखाई नहीं दे रहीं, जिससे वाहन चालकों को दिक्कत हो रही है।

IMD ने जारी किया रेड अलर्ट

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से अगले कुछ दिनों तक सावधानी बरतने की अपील की है।

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम?

IMD के वैज्ञानिक अंकित के अनुसार, आज दिल्ली में भारी बारिश की संभावना है। हालांकि, शुक्रवार से बारिश की तीव्रता कम हो सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक:

  • 8 और 9 अगस्त को हल्की बारिश होने की संभावना है।
  • इसके बाद बारिश और कम हो सकती है।
  • 10 अगस्त तक दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।

क्या स्कूलों में रहेगी छुट्टी?

दिल्ली के शिक्षा निदेशालय (DoE) या NCR इलाकों (नोएडा, गाज़ियाबाद, गुरुग्राम) के ज़िला प्रशासन की ओर से स्कूल बंद करने के बारे में अभी तक कोई आधिकारिक सूचना नहीं आई है। हालांकि छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी जाती है कि वे प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं को देखें और इस बारे में स्कूलों से संपर्क करें।

इस बीच, कांवड़ यात्रा के कारण गाजियाबाद में स्कूल 12 अगस्त तक बंद रहेंगे। हालांकि, दिल्ली-NCR इलाके में कल स्कूल बंद रहने की संभावना है, क्योंकि कल दूसरा शनिवार है।

दिल्ली में कल रात से 9 घर गिरे

दिल्ली फायर सर्विस की तरफ से बताया गया, “दिल्ली में सुबह से ही ज़ोरदार बारिश हो रही है। फायर डिपार्टमेंट को कल देर रात से घर गिरने की 9 घटनाओं के बारे में कॉल मिली हैं। इसके अलावा, फायर डिपार्टमेंट को दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में 16 पेड़ गिरने की भी सूचना मिली है। पेड़ गिरने की ऐसी ही एक घटना में, तीन महिलाएं एक घर के अंदर फंस गई थीं, जिन्हें बाद में फायर डिपार्टमेंट की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।”

देश के अन्य राज्यों में कैसा रहेगा मौसम?

उन्होंने आगे कहा, “उत्तर-पश्चिम भारत की बात करें तो, उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों और हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों की कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी के साथ येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना के कारण ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अलावा, आज उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। बारिश की गतिविधि को व्यापक रूप से देखें तो, अगले 24 घंटों में पूर्वी भारत के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इस सिस्टम से गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है।”

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *