मशहूर पार्श्व गायिका एस. जानकी का शनिवार शाम 88 साल की उम्र में निधन हो गया। वह लंबे समय से उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। परिजनों के अनुसार, तबीयत बिगड़ने पर उन्हें मैसूरु के कुवेम्पुनगर स्थित अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं दिल का दौरा पड़ने से उन्होंने अंतिम सांस ली।
बता दें कि कई भाषाओं में गाने वाली गायिका कई वर्षों से मैसूरु के बन्नूर रोड स्थित अपने फार्महाउस में रह रही थीं. हाल ही में, वह बोगदी के एक घर में शिफ्ट हुई थीं. सूत्रों ने बताया कि उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते शनिवार दोपहर उन्हें मैसूरु के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ शाम को दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया.
अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाने का निर्देश
मंत्री डॉ. यतींद्र सिद्धारमैया ने घोषणा की है कि एस. जानकी का अंतिम संस्कार रविवार को मैसूरु तालुक के एचडी कोटे रोड पर स्थित कनियानाहुंडी फार्म में किया जाएगा. मंत्री ने संवाददाताओं को बताया कि आम जनता के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के लिए रविवार सुबह 8 बजे से ‘महाराजा कॉलेज ग्राउंड’ में व्यवस्था की जाएगी. इसके बाद, शाम को मैसूरु तालुक के कनियानाहुंडी स्थित नवीन फार्म हाउस में अंतिम संस्कार की रस्में निभाई जाएंगी.
मंत्री ने कहा कि एस. जानकी ने इच्छा जताई थी कि उनका अंतिम संस्कार मैसूरु में ही किया जाए. उनके इसी अनुरोध के अनुसार, मैसूरु में अंतिम संस्कार आयोजित कर उनकी आखिरी इच्छा पूरी की जाएगी. मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया है कि अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाए.

कर्नाटक के मुख्यमंत्री (CM) ने एक्स (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा: “भारतीय फिल्म उद्योग की अतुलनीय पार्श्व गायिका (playback singer) और कन्नड़ सिनेमा की प्रतिष्ठित आवाज- जिन्हें प्यार से ‘गानाकोइले’ (कोकिला) कहा जाता था. एस. जानकी के निधन की खबर से गहरा सदमा लगा है.”

