अमेरिका की राजनीति में एक बार फिर विवाद खड़ा हो गया है, और इस बार वजह बना है एक सोशल मीडिया पोस्ट।
अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने एक ऐसा पोस्ट शेयर किया है, जिसमें भारत और चीन को लेकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है।
दरअसल, यह पोस्ट कट्टरपंथी अमेरिकी लेखक और रेडियो होस्ट Michael Savage की एक चिट्ठी और वीडियो पर आधारित है। इस चिट्ठी में भारत और चीन को “हेल होल” यानी नरक का द्वार बताया गया है, जिससे विवाद और गहरा गया है।
इस पोस्ट में अमेरिका के बर्थराइट सिटिजनशिप कानून पर भी सवाल उठाए गए हैं। इसमें दावा किया गया है कि प्रवासी लोग अमेरिका आकर अपने बच्चों को जन्म देते हैं, जिससे उन्हें नागरिकता मिल जाती है, और बाद में पूरा परिवार वहां बस जाता है।
माइकल सैवेज ने अपने वीडियो में यह भी कहा कि अमेरिकी संविधान उस दौर में लिखा गया था जब न तो इंटरनेट था और न ही आधुनिक परिवहन, इसलिए आज के समय में इसके कुछ प्रावधान प्रासंगिक नहीं रह गए हैं।
पोस्ट में कैलिफोर्निया के टेक सेक्टर का जिक्र करते हुए यह आरोप लगाया गया है कि वहां भारत और चीन के लोगों का दबदबा है, और नौकरियों में उन्हें प्राथमिकता दी जा रही है।
इसके साथ ही, प्रवासियों के अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था American Civil Liberties Union पर भी निशाना साधा गया है। चिट्ठी में आरोप लगाया गया है कि यह संगठन अवैध प्रवासियों के पक्ष में नीतियों का समर्थन करता है।
इस पूरे मामले ने एक बार फिर अमेरिका में इमिग्रेशन, नागरिकता कानून और प्रवासियों को लेकर बहस तेज कर दी है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट
