नई दिल्ली: देश में जून 2026 के दौरान टेलीकॉम ग्राहकों की संख्या में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) की रिपोर्ट के मुताबिक, जून के अंत तक देश में कुल 134.80 करोड़ टेलीफोन कनेक्शन हो गए.
एयरटेल ने सबसे ज्यादा जोड़े नए ग्राहक
रिपोर्ट के अनुसार, भारती एयरटेल ने जून में सबसे ज्यादा 31.63 लाख नए ग्राहक जोड़े। इनमें 29.89 लाख मोबाइल और 1.73 लाख फिक्स्ड लाइन ग्राहक शामिल हैं।
रिलायंस जियो ने जून में 22.91 लाख नए ग्राहक अपने नेटवर्क से जोड़े। इनमें 21.46 लाख मोबाइल और 1.44 लाख फिक्स्ड लाइन ग्राहक शामिल हैं।
नए ग्राहकों में एयरटेल और जियो का दबदबा
जून महीने में देशभर में कुल 62 लाख नए टेलीकॉम ग्राहक जुड़े। इनमें से 54.54 लाख ग्राहक सिर्फ एयरटेल और जियो के खाते में गए। यानी कुल नए ग्राहकों में इन दोनों कंपनियों की हिस्सेदारी करीब 87 प्रतिशत रही। TRAI के मुताबिक, मई के मुकाबले जून में देश के कुल टेलीफोन ग्राहकों की संख्या में 0.37 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
जून में कुल ‘वायरलेस कनेक्शन’ बढ़कर 130 करोड़ हो गए जो मई में 129.4 करोड़ थे। इनमें 114.7 करोड़ उपभोक्ता सिम, 13.47 करोड़ एम2एम (मशीन-टू-मशीन) सिम और 1.78 करोड़ फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस कनेक्शन शामिल हैं। वोडाफोन आइडिया ने जून में 1.63 लाख नए ‘वायरलेस’ ग्राहक जोड़े।
बीएसएनएल ने समीक्षाधीन महीने में 94,006 नए ग्राहक जोड़े। एमटीएनएल ने जून में 11,284 मोबाइल ग्राहक गंवाए। मई की तुलना में जून में ‘वायरलाइन’ ग्राहकों की संख्या 1.67 प्रतिशत घटकर 4.78 करोड़ रह गई, जो मई में 4.86 करोड़ थी। इसका मुख्य कारण बीएसएनएल के 7.96 लाख फिक्स्ड लाइन ग्राहकों का घटना रहा।
फिक्स्ड लाइन श्रेणी में केवल एयरटेल, रिलायंस जियो और एसटीपीएल ने नए ग्राहक जोड़े जबकि वोडाफोन आइडिया, एमटीएनएल, एपीएसएफएल, टाटा टेलीसर्विसेज और क्वाड्रेंट सहित अन्य सभी कंपनियों के फिक्स्ड लाइन कनेक्शन घटे। देश में ब्रॉडबैंड ग्राहकों की संख्या मई के 108 करोड़ से बढ़कर जून में 108.75 करोड़ हो गई। ब्रॉडबैंड श्रेणी में रिलायंस जियो 53.22 करोड़ ग्राहकों के साथ शीर्ष पर रही।
इसके बाद भारती एयरटेल के 37.99 करोड़, वोडाफोन आइडिया के 13 करोड़, बीएसएनएल के 2.7 करोड़ और एट्रिया कन्वर्जेंस के 24.5 लाख ब्रॉडबैंड ग्राहक रहे।

