राजस्थान के जयपुर में सोमवार, 31 अगस्त को AIIMS Common Recruitment Examination-5 (CRE-5) की दोबारा परीक्षा के दौरान तकनीकी परेशानी के कारण अभ्यर्थियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सीतापुरा स्थित ION डिजिटल जोन परीक्षा केंद्र पर सर्वर खराब होने के बाद परीक्षा में व्यवधान आ गया।
परेशान अभ्यर्थियों ने परीक्षा केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस और अधिकारियों ने उन्हें समझाकर शांत कराया। AIIMS ने फिलहाल इस केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी है और बाद में दोबारा परीक्षा कराने की बात कही गई है।
तय समय से 30 मिनट देर से शुरू हुई परीक्षा
सांगानेर सदर थाना अधिकारी कमलेश कुमार के अनुसार, AIIMS की ओर से इस परीक्षा के जरिए ग्रुप ‘B’ और ग्रुप ‘C’ के गैर-शैक्षणिक पदों पर भर्ती की जा रही थी।
परीक्षा का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक तय था, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा करीब 30 मिनट की देरी से शुरू हुई। परीक्षा शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद सर्वर में खराबी आ गई।
इसके अलावा परीक्षा केंद्र पर एक-दो बार बिजली की सप्लाई में भी परेशानी हुई, जिससे अभ्यर्थियों की मुश्किलें और बढ़ गईं।
परीक्षा केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों ने किया विरोध
तकनीकी समस्या के कारण परीक्षा ठीक से नहीं हो पाने पर अभ्यर्थी नाराज हो गए। कई अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र से बाहर आ गए और व्यवस्था के खिलाफ विरोध जताया।
अभ्यर्थियों का कहना था कि जब परीक्षा समय पर शुरू नहीं हुई और बाद में सर्वर भी बंद हो गया, तो उन्हें परीक्षा देने के लिए पूरा समय और बराबर मौका कैसे मिलेगा।
AIIMS ने परीक्षा केंद्र की परीक्षा की रद्द
पुलिस के मुताबिक, स्थिति को देखते हुए AIIMS ने इस केंद्र पर आयोजित CRE-5 परीक्षा को फिलहाल रद्द कर दिया है। अब कुछ दिनों बाद यहां परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी।
एक दिन पहले NEET PG में भी आई थी परेशानी
खास बात यह है कि इसी ION डिजिटल जोन केंद्र पर एक दिन पहले NEET PG परीक्षा के दौरान भी तकनीकी समस्या सामने आई थी। उस समय भी अभ्यर्थियों ने परेशानी के बाद विरोध किया था और परीक्षा को रद्द करना पड़ा था।
लगातार दो दिनों तक तकनीकी समस्या सामने आने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ गई है। उन्होंने परीक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष तरीके से दोबारा परीक्षा कराने की मांग की है।

