दिल्ली के जंतर-मंतर पर बुधवार रात एक बार फिर तनाव का माहौल बन गया। रात करीब 8:30 बजे कनॉट प्लेस के पास टॉलस्टॉय मार्ग पर प्रदर्शन के दौरान हंगामा हुआ। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों की भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों पर पत्थर और बोतलों से हमला कर दिया। इस घटना में कनॉट प्लेस के एसीपी विवेक भगत घायल हो गए।
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने एसीपी विवेक भगत को तुरंत राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है..
प्रदर्शन स्थल के पास पार्क होटल के सामने प्रदर्शनकारियों ने कुछ पुलिसकर्मियों को घेर लिया था। जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मियों को छुड़ाने के लिए पहुंचे ACP विवेक भगत इसी दौरान घायल हो गए। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
इंटरनेट सेवाएं बंद किए गए
सूत्रों के मुताबिक, रात करीब 9 बजे के आसपास इलाके में इंटरनेट सेवाएं बंद किए जाने का संदेश भी जारी हुआ। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पुलिस की मौजूदगी लगातार बढ़ाई गई है और अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। स्थिति पर पुलिस की कड़ी नजर है और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।
प्रदर्शनकारियों के हाथ में भी लाठी दिख रही है
घटना से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए, जिसमें प्रदर्शनकारियों के हाथ में भी लाठी दिख रही है। वो पुलिसकर्मियों पर हमला कर रहे हैं। जवाब में पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। इससे पहले 20 जुलाई को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के दौरान झड़प हुई थी। प्रदर्शनकारी संसद गेट के करीब पहुंच गए थे। उन्हें हटाने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया गया था।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों के मुताबिक नई दिल्ली इलाके में इंटरनेट बंद होने के बावजूद जंतर मंतर और कनॉट प्लेस के इलाके टॉलस्टॉय मार्ग, जनपथ पर सबसे ज्यादा मैसेजिंग हो रही है। नेटवर्क कनेक्शन और SMS इन इलाकों में सबसे ज्यादा एक्सचेंज किए जा रहे हैं। क्या जंतर मंतर पर बैठे प्रदर्शनकारियों की तरफ से नई दिल्ली में मौजूद प्रदर्शनकारियों को हिंसा का आदेश दिया जा रहा है? साजिश के ऐसे सबूत मिल रहे है जिनपर पुलिस की अलग तफ्तीश जारी है।
कनॉट प्लेस के पास RAF जवानों को पीटा गया
बता दें कि आज जो हालात हैं, जंतर मंतर से इसी तरह की तस्वीरें कल रात भी आईं थी। कल रात को जंतर मंतर के आसपास के इलाके में फिर हिंसा हुई, कनॉट प्लेस के पास आरएएफ जवानों को पीटा गया। भीड़ ने आरएएफ जवान को नीचे गिरा दिया, लात घूंसों से बुरी तरह उसकी पिटाई की और गंदी-गंदी गालियां दी। आरएएफ जवान बुरी तरह घिर चुका था, भीड़ उस पर टूट पड़ी। बड़ी मुश्किल से उसकी जान बची थी।
